अल्मोड़ा-राज्य युवा कल्याण सलाहकार परिषद के उपाध्यक्ष कुंदन सिंह लटवाल ने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी से मुलाकात कर प्रांतीय रक्षक दल (पीआरडी) के जवानों की समस्याओं के समाधान को लेकर ज्ञापन सौंपा।उन्होंने पीआरडी जवानों को होमगार्ड की तर्ज पर मूल वेतन के साथ महंगाई भत्ता (डीए) देने और वर्षभर 365 दिन रोजगार उपलब्ध कराने की मांग प्रमुखता से उठाई।कुंदन सिंह लटवाल ने मुख्यमंत्री को अवगत कराया कि पीआरडी स्वयंसेवक प्रदेश में विभिन्न महत्वपूर्ण जिम्मेदारियों का निर्वहन कर रहे हैं।सुरक्षा व्यवस्था,यातायात नियंत्रण, पुलिस थानों,चारधाम यात्रा, चुनाव ड्यूटी तथा विभिन्न सरकारी विभागों और संस्थानों में जवान अपनी सेवाएं दे रहे हैं।इसके बावजूद उन्हें पूरे वर्ष नियमित रोजगार नहीं मिल पाता,जिससे उनके सामने आर्थिक कठिनाइयां बनी रहती हैं।उन्होंने कहा कि पीआरडी जवानों को सीमित अवधि के लिए ड्यूटी मिलने के कारण अपने परिवार का भरण-पोषण करने में परेशानी होती है।बढ़ती महंगाई के दौर में उनके मानदेय और रोजगार की अनिश्चितता का सीधा असर उनके परिवारों पर पड़ता है।ऐसे में जवानों को आर्थिक सुरक्षा प्रदान करना और उनकी सेवाओं के अनुरूप सुविधाएं उपलब्ध कराना आवश्यक है।ज्ञापन के माध्यम से लटवाल ने मुख्यमंत्री के सम्मुख दो प्रमुख मांगें रखीं।पहली पीआरडी जवानों को होमगार्ड की तर्ज पर मूल वेतन के साथ महंगाई भत्ता दिया जाए।दूसरी उन्हें वर्ष के सभी 365 दिन रोजगार उपलब्ध कराने की व्यवस्था सुनिश्चित की जाए, ताकि जवानों को नियमित काम मिल सके और वे आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बन सकें।कुंदन सिंह लटवाल ने मुख्यमंत्री से जवानों की समस्याओं पर सहानुभूतिपूर्वक विचार कर उचित कार्रवाई करने का आग्रह किया।उन्होंने उम्मीद जताई कि सरकार पीआरडी स्वयंसेवकों की मांगों पर सकारात्मक निर्णय लेकर उन्हें राहत प्रदान करेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *