
अल्मोड़ा-भारतीय जनता युवा मोर्चा के महानगर अध्यक्ष नीरज सांगा ने विश्वविद्यालय परिसर में परीक्षा अवधि के दौरान प्रस्तावित राजनीतिक आयोजनों को लेकर चिंता व्यक्त करते हुए कड़ा विरोध दर्ज कराया है।उन्होंने कहा कि जब छात्र-छात्राएं अपने भविष्य की सबसे महत्वपूर्ण प्रक्रिया यानी परीक्षाओं में व्यस्त हों तब विश्वविद्यालय परिसर में बड़े राजनीतिक कार्यक्रमों की अनुमति दिया जाना कई गंभीर प्रश्न खड़े करता है।नीरज सांगा ने स्पष्ट किया कि उनका विरोध किसी व्यक्ति,नेता या राजनीतिक दल से नहीं है। उनका कहना है कि मुख्य मुद्दा विद्यार्थियों के हितों और विश्वविद्यालय की शैक्षणिक गरिमा का है।उन्होंने सवाल उठाया कि क्या परीक्षा अवधि के दौरान विश्वविद्यालय प्रशासन की पहली प्राथमिकता विद्यार्थियों को शांत एवं एकाग्र वातावरण उपलब्ध कराना नहीं होनी चाहिए।उन्होंने कहा कि विश्वविद्यालय ज्ञान,शोध और शिक्षा का केंद्र होता है।ऐसे समय में राजनीतिक गतिविधियों से परिसर का माहौल प्रभावित हो सकता है, जिससे विद्यार्थियों की पढ़ाई और परीक्षा की तैयारी पर प्रतिकूल असर पड़ने की आशंका रहती है।भाजयुमो महानगर अध्यक्ष ने विश्वविद्यालय प्रशासन से मांग की कि परीक्षा अवधि के दौरान किसी भी प्रकार के बड़े राजनीतिक आयोजन की अनुमति देने से पहले विद्यार्थियों की सुविधा और शैक्षणिक वातावरण को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जाए।उन्होंने कहा कि शिक्षा संस्थानों की गरिमा बनाए रखना सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है।
