अल्मोड़ा-नगर के पूर्वी पोखरखाली वार्ड के सिद्धपुर क्षेत्र में तेंदुए की लगातार आवाजाही से स्थानीय लोगों में भय का माहौल बना हुआ है।तेंदुए की सक्रियता के चलते लोगों को अपने घरों से बाहर निकलने में भी सतर्कता बरतनी पड़ रही है।खासकर बच्चों,महिलाओं और बुजुर्गों की सुरक्षा को लेकर क्षेत्रवासी चिंतित हैं।स्थानीय लोगों की समस्या और सुरक्षा को गंभीरता से लेते हुए वार्ड पार्षद गुंजन सिंह चम्याल ने वन विभाग से संपर्क कर क्षेत्र में तेंदुए को पकड़ने के लिए पिंजरा लगवाने की पहल की।पार्षद गुंजन सिंह चम्याल की मौजूदगी में वन विभाग की टीम ने मौके पर पहुंचकर पिंजरा स्थापित किया।इस दौरान पार्षद ने क्षेत्र की स्थिति और स्थानीय लोगों की चिंताओं से वन विभाग की टीम को अवगत कराया।उन्होंने कहा कि क्षेत्र में तेंदुए की लगातार आवाजाही से लोगों में भय व्याप्त है।ऐसे में आमजन की सुरक्षा सर्वोपरि है और वन विभाग को तेंदुए की गतिविधियों पर निरंतर निगरानी रखनी चाहिए।उन्होंने वन विभाग से क्षेत्र में नियमित गश्त बढ़ाने तथा तेंदुए की गतिविधियों पर नजर बनाए रखने की अपेक्षा जताई,ताकि किसी भी अप्रिय घटना को रोका जा सके। साथ ही क्षेत्रवासियों से भी सतर्क रहने और तेंदुआ दिखाई देने पर तत्काल वन विभाग को सूचना देने की अपील की।इस दौरान वन दरोगा सत्येंद्र सिंह नेगी,वन बीट अधिकारी विवेक तिवारी, वाहन चालक कैलाश कांडपाल,क्यूआरटी श्रमिक मनोज जोशी एवं नीरज नेगी मौजूद रहे।इसके अलावा दीपक सिंह भंडारी,चंदू आर्य समेत क्षेत्र के अनेक लोग भी उपस्थित रहे।क्षेत्रवासियों ने पार्षद की पहल पर वन विभाग द्वारा पिंजरा लगाए जाने पर राहत जताते हुए उम्मीद व्यक्त की कि जल्द ही तेंदुए की समस्या से निजात मिलेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *