

अल्मोड़ा-अल्मोड़ा में आयोजित एनटीडी प्रीमियर लीग 2026 का शुभारंभ उत्साह,खेल भावना और भव्यता के साथ हुआ।प्रतियोगिता का उद्घाटन अल्मोड़ा के जिलाधिकारी अंशुल सिंह ने मुख्य अतिथि के रूप में किया। विदित हो कि अंशुल सिंह स्वयं क्रिकेट के अच्छे खिलाड़ी रहे हैं तथा उन्होंने देश की प्रतिष्ठित सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी में भी अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया है।अपने संबोधन में उन्होंने खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि खेल युवाओं के व्यक्तित्व निर्माण का सशक्त माध्यम हैं।उन्होंने प्रतियोगिता के सफल आयोजन की सराहना करते हुए भविष्य में मैदान को और अधिक विकसित एवं बेहतर बनाने का आश्वासन भी दिया,ताकि क्षेत्र के खिलाड़ियों को उत्कृष्ट खेल सुविधाएँ उपलब्ध हो सकें।इस अवसर पर सौरव वर्मा,लियाकत अली खान,धीरू मार्तोलिया,गिरीश धवन,भुवन तिवारी,आबिद अली,हिमेंद्र मात्यानी,नितिन गुप्ता,पंकज बिष्ट,पंकज कांडपाल,रक्षित तिवारी,करण शैल्य,कुणाल शैल्य,चंदन लटवाल,ललित कनवाल,दिनेश थापा,हीरा कार्की,मनोज कांडपाल,वरुण डालाकोटी, विजय सिंह फर्त्याल सहित अनेक गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।टूर्नामेंट का उद्घाटन मुकाबला कसार वॉरियर्स और बीएस स्ट्राइकर्स के बीच खेला गया।टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए कसार वॉरियर्स ने 8.1 ओवर में 6 विकेट के नुकसान पर 75 रन बनाए।टीम की ओर से सूरज बिष्ट ने विस्फोटक बल्लेबाजी का प्रदर्शन करते हुए मात्र 17 गेंदों में 50 रन की तूफानी पारी खेली।अपनी इस अविस्मरणीय पारी के दौरान उन्होंने लगातार 6 गेंदों पर 6 छक्के जड़कर मैदान में उपस्थित दर्शकों को रोमांचित कर दिया और टीम को सम्मानजनक स्कोर तक पहुँचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।76 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी बीएस स्ट्राइकर्स की ओर से मोहित बिष्ट ने शानदार संघर्ष करते हुए 22 गेंदों में 38 रन की तेजतर्रार पारी खेली।एक समय ऐसा प्रतीत हो रहा था कि बीएस स्ट्राइकर्स यह मुकाबला आसानी से अपने नाम कर लेगी,लेकिन कसार वॉरियर्स के गेंदबाज़ों ने अंतिम ओवरों में अनुशासित गेंदबाज़ी करते हुए मैच का रुख पलट दिया।निर्धारित 10 ओवर में बीएस स्ट्राइकर्स 4 विकेट के नुकसान पर 68 रन ही बना सकी और कसार वॉरियर्स ने 6 रन से रोमांचक जीत दर्ज कर टूर्नामेंट का विजयी आगाज़ किया।मुकाबले में ब्लॉक प्रमुख बनाम यश जिम,अल्मोड़ा नाइट राइडर्स बनाम वी2 नितिन कम्युनिकेशन ने प्रतिभाग किया।एनटीडी प्रीमियर लीग 2026 के आगामी मुकाबलों में भी दर्शकों को रोमांचक और प्रतिस्पर्धात्मक क्रिकेट देखने को मिलने की पूरी उम्मीद है।
