


अल्मोड़ा-चंद्रशेखर घोडके वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अल्मोड़ा द्वारा जनपद में सड़क सुरक्षा एवं यातायात नियमों का पालन सुनिश्चित कराने के लिए समस्त थाना प्रभारियों को सघन वाहन चेकिंग अभियान चलाने तथा लापरवाह वाहन चालकों, रैश ड्राइविंग करने वालों एवं नाबालिगों को वाहन देने वाले वाहन स्वामियों के विरुद्ध कड़ी कार्यवाही करने के सख्त निर्देश दिए गए हैं।उक्त निर्देशों के क्रम में दिनांक 03.10.2026 को प्रभारी निरीक्षक कोतवाली अल्मोड़ा योगेश चन्द्र उपाध्याय के नेतृत्व में चौकी प्रभारी धारानौला आनन्द बल्लभ कश्मीरा द्वारा क्षेत्र में सघन वाहन चेकिंग अभियान चलाया जा रहा था।चेकिंग के दौरान एक नाबालिग को बिना हेलमेट मोटरसाइकिल चलाते हुए पाया गया। पुलिस द्वारा नाबालिग के अभिभावक (पिता) को मौके पर बुलाया गया तथा उन्हें नाबालिग को वाहन न देने एवं यातायात नियमों का पालन कराने के संबंध में काउंसलिंग कर सख्त हिदायत दी गई। नाबालिग को सकुशल अभिभावक के सुपुर्द करते हुए संबंधित मोटरसाइकिल को सीज कर वाहन स्वामी के विरुद्ध ₹25,000 का कोर्ट चालान किया गया।
