अल्मोड़ा-विश्व प्रसिद्ध जागेश्वर धाम में आयोजित होने वाले ऐतिहासिक श्रावणी मेला एवं हरेला पर्व का शुभारंभ 16 जुलाई को उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी करेंगे। एक माह तक चलने वाले इस धार्मिक एवं सांस्कृतिक आयोजन की तैयारियां अंतिम चरण में पहुंच गई हैं।
मेले के उद्घाटन के लिए जिलाधिकारी अल्मोड़ा अंशुल सिंह के नेतृत्व में एक प्रतिनिधिमंडल ने देहरादून में मुख्यमंत्री से शिष्टाचार भेंट कर उन्हें आधिकारिक निमंत्रण सौंपा। मुख्यमंत्री ने निमंत्रण स्वीकार करते हुए मेले के सफल एवं भव्य आयोजन के लिए अपनी शुभकामनाएं दीं।
प्रतिनिधिमंडल में जागेश्वर धाम के महामंडलेश्वर एवं मुख्य पुजारी कैलाशानंद महाराज, पूर्व पुजारी प्रतिनिधि नवीन चंद्र भट्ट, महामंडलेश्वर मोहन चंद्र लाल बाबा, जागेश्वर मंदिर प्रबंधन समिति के पूर्व प्रबंधक प्रकाश चंद्र भट्ट तथा आचार्य लोकेश जी शामिल रहे। इस दौरान श्रावणी मेले की तैयारियों और आयोजन की रूपरेखा पर भी चर्चा की गई।
श्रावणी मेला उत्तराखंड के प्रमुख धार्मिक आयोजनों में शामिल है, जिसमें देश-विदेश से हजारों श्रद्धालु भगवान शिव के प्राचीन मंदिर समूह के दर्शन के लिए पहुंचते हैं। हरेला पर्व के साथ शुरू होने वाला यह मेला धार्मिक आस्था, लोक संस्कृति और परंपराओं का अनूठा संगम माना जाता है।प्रशासन द्वारा श्रद्धालुओं की सुविधा, सुरक्षा, यातायात, स्वच्छता, पेयजल और अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं को लेकर व्यापक तैयारियां की जा रही हैं, ताकि मेले का आयोजन शांतिपूर्ण एवं व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराया जा सके। 16 जुलाई को मुख्यमंत्री के हाथों उद्घाटन के साथ ही एक माह तक चलने वाले इस ऐतिहासिक मेले का विधिवत शुभारंभ होगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *