

देहरादून/अल्मोड़ा-भाजपा नेता एवं पूर्व दर्जा मंत्री बिट्टू कर्नाटक ने देहरादून में उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी से शिष्टाचार भेंट कर अल्मोड़ा जनपद के विकास एवं जनहित से जुड़े विभिन्न महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तार से चर्चा की।मुलाकात के दौरान उन्होंने जिले में चल रही विकास योजनाओं की प्रगति,आम जनता की अपेक्षाओं तथा भविष्य की आवश्यकताओं से मुख्यमंत्री को अवगत कराया और कई महत्वपूर्ण प्रस्ताव उनके समक्ष रखे।भेंट के दौरान मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने अल्मोड़ा के विकास को राज्य सरकार की प्राथमिकताओं में शामिल बताते हुए कहा कि सरकार पर्वतीय क्षेत्रों के संतुलित एवं समग्र विकास के लिए निरंतर कार्य कर रही है,उन्होंने भरोसा दिलाया कि जनहित से जुड़े विषयों पर गंभीरता से विचार कर आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी। बिट्टू कर्नाटक ने मुख्यमंत्री के समक्ष अल्मोड़ा नगर एवं ग्रामीण क्षेत्रों से जुड़े सड़क,पेयजल,स्वास्थ्य, शिक्षा,पर्यटन,युवाओं के लिए रोजगार,खेल सुविधाओं के संबंधित विषयों को प्रमुखता से रखा। उन्होंने कहा कि पर्वतीय क्षेत्रों की विशेष भौगोलिक परिस्थितियों को ध्यान में रखते हुए विकास योजनाओं को गति दी जा रही है, जिससे लोगों को अपने ही क्षेत्र में बेहतर सुविधाएं उपलब्ध हो सकें।उन्होंने विशेष रूप से स्वास्थ्य सेवाओं के संबंध में कहा कि सरकार ग्रामीण क्षेत्रों के प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों को संसाधन युक्त और सशक्त बनाने का कार्य कर रही है जिसका लाभ आम जनता को मिलेगा।कर्नाटक ने मुख्यमंत्री को अवगत कराते हुए कहा कि शिक्षा के क्षेत्र में गुणवत्तापूर्ण सुविधाओं के विस्तार,विद्यालयों और महाविद्यालयों के बुनियादी ढांचे को मजबूत करने तथा युवाओं के लिए कौशल विकास और रोजगारोन्मुखी योजनाओं को बढ़ावा देने पर भी सरकार जो कार्य कर रही है, उसके दूरगामी परिणाम होंगे।कर्नाटक ने कहा कि जिससे युवाओं को स्थानीय स्तर पर रोजगार के अवसर उपलब्ध होंगे और पलायन की समस्या को काफी हद तक कम किया जा सकेगा।कर्नाटक ने मुख्यमंत्री को अवगत कराते हुए कहा कि पर्यटन के क्षेत्र में अल्मोड़ा की अपार संभावनाएं हैं, उन्होंने धार्मिक,सांस्कृतिक और प्राकृतिक पर्यटन स्थलों के विकास पर सरकार के सकारात्मक रुख की सराहना की। उन्होंने कहा कि जागेश्वर धाम, कसार देवी,चितई गोलू देवता मंदिर सहित अन्य प्रमुख पर्यटन स्थलों पर बेहतर सुविधाएं विकसित होने से स्थानीय अर्थव्यवस्था को नई गति मिली और स्वरोजगार के अवसर बढ़े।इसके अलावा नगर क्षेत्र में आधारभूत सुविधाओं के विस्तार,यातायात व्यवस्था,पेयजल आपूर्ति, पार्किंग,स्वच्छता,जल निकासी और शहरी विकास से जुड़े विषयों पर भी मुख्यमंत्री का ध्यान आकर्षित किया गया।उन्होंने कहा कि अल्मोड़ा जैसे ऐतिहासिक और सांस्कृतिक नगर को आधुनिक सुविधाओं से जोड़ते हुए उसकी विरासत का संरक्षण भी समान रूप से आवश्यक है, जो सरकार की प्राथमिकता भी है।बिट्टू कर्नाटक ने मुख्यमंत्री को बताया कि वह लगातार जनता के बीच रहकर उनकी समस्याओं को सुन रहे हैं और उन्हीं अपेक्षाओं को सरकार तक पहुंचाने का प्रयास कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचे,इसके लिए जनप्रतिनिधियों और प्रशासन के बीच बेहतर समन्वय स्थापित किया गया है।मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने बिट्टू कर्नाटक द्वारा उठाए गए विषयों को गंभीरता से सुना और संबंधित विभागों के माध्यम से आवश्यक कार्रवाई का भरोसा दिया।उन्होंने कहा कि राज्य सरकार का उद्देश्य पर्वतीय जिलों में विकास की गति को तेज करना और आम नागरिकों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराना है।मुख्यमंत्री ने कहा कि अल्मोड़ा सहित पूरे कुमाऊं क्षेत्र के विकास के लिए सरकार प्रतिबद्ध है और विकास कार्यों में किसी प्रकार की कमी नहीं आने दी जाएगी।भेंट के बाद बिट्टू कर्नाटक ने मुख्यमंत्री का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि उन्हें विश्वास है कि अल्मोड़ा से जुड़े विभिन्न विकासात्मक एवं जनहित के विषयों पर सकारात्मक निर्णय लिए जाएंगे।उन्होंने कहा कि वे भविष्य में भी जनता की समस्याओं और अपेक्षाओं को सरकार तक मजबूती से पहुंचाते रहेंगे तथा अल्मोड़ा के सर्वांगीण विकास के लिए निरंतर प्रयासरत रहेंगे।पूर्व दर्जा मंत्री एवं भाजपा नेता बिट्टू कर्नाटक ने कहा कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में उत्तराखंड विकास, सुशासन और जनकल्याण के नए आयाम स्थापित कर रहा है। मुख्यमंत्री धामी ने प्रदेश के सर्वांगीण विकास के साथ-साथ अंतिम व्यक्ति तक सरकारी योजनाओं का लाभ पहुंचाने का जो संकल्प लिया है, वह धरातल पर स्पष्ट रूप से दिखाई दे रहा है। उनकी कार्यशैली, त्वरित निर्णय क्षमता और जनहित के प्रति संवेदनशील सोच ने प्रदेशवासियों का विश्वास मजबूत किया है।बिट्टू कर्नाटक ने कहा कि मुख्यमंत्री धामी के नेतृत्व में अल्मोड़ा सहित पूरे कुमाऊं क्षेत्र में सड़क, स्वास्थ्य, शिक्षा, पर्यटन और आधारभूत सुविधाओं के विकास को नई गति मिली है। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि मुख्यमंत्री के कुशल नेतृत्व में उत्तराखंड विकास के पथ पर निरंतर आगे बढ़ता रहेगा और प्रदेश देश के अग्रणी राज्यों में अपनी मजबूत पहचान बनाएगा।
