अल्मोड़ा-बियरशिबा विद्यालय अल्मोड़ा में 11 जुलाई को विज्ञान,वाणिज्य एवं मानविकी विषयों पर आधारित मॉडल एवं चित्रकला प्रदर्शनी का भव्य आयोजन किया गया।प्रदर्शनी में विद्यार्थियों ने अपनी रचनात्मकता,वैज्ञानिक दृष्टिकोण,नवाचार एवं सृजनात्मक अभिव्यक्ति का उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए अनेक आकर्षक एवं कार्यशील (वर्किंग) मॉडल तथा चित्रकृतियाँ प्रस्तुत की जिन्हें उपस्थित अतिथियों,अभिभावकों एवं शिक्षकों ने खूब सराहा।कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य निर्णायक मंडल के सदस्य प्रोफेसर डी एस धामी रसायन विज्ञान विभाग सोबन सिंह जीना विश्वविद्यालय अल्मोड़ा एवं सहायक प्रोफेसर रविन्द्रनाथ पाठक कंप्यूटर साइंस विभाग सोबन सिंह जीना विश्वविद्यालय अल्मोड़ा,विद्यालय की अकादमिक डायरेक्टर दीपिका विल्सन तथा उपप्रधानाचार्य हरीश कांडपाल द्वारा संयुक्त रूप से दीप प्रज्ज्वलित कर किया गया।इस अवसर पर विद्यार्थियों ने स्वागत गीत प्रस्तुत कर अतिथियों का भावपूर्ण स्वागत किया।प्रदर्शनी में विद्यार्थियों द्वारा वाटर साइकल,रेन वाटर हार्वेस्टिंग, इको सिस्टम,टेस्ला टावर,ड्रोन, टॉर्नेडो,न्यूक्लियर पावर प्लांट,एटीएम,साइक्लोन,हाइड्रोलिक ब्रिज,रिन्यूएबल एनर्जी सोर्सेज, सस्टेनेबल डेवलपमेंट, रिफ्लेक्शन ऑफ लाइट, एटॉमिक मॉडल,इलेक्ट्रिक लिफ्ट तथा सेक्टर्स ऑफ इकोनॉमी जैसे विषयों पर तैयार किए गए कार्यशील मॉडल विशेष आकर्षण का केंद्र रहे। इन मॉडलों के माध्यम से विद्यार्थियों ने विज्ञान,पर्यावरण संरक्षण,तकनीकी नवाचार एवं आर्थिक अवधारणाओं को सरल और व्यावहारिक रूप में प्रस्तुत किया। अपने संबोधन में अकादमिक डायरेक्टर दीपिका विल्सन एवं उपप्रधानाचार्य हरीश कांडपाल ने कहा कि इस प्रकार की प्रदर्शनियाँ विद्यार्थियों की रचनात्मक एवं वैज्ञानिक प्रतिभा को निखारने का सशक्त माध्यम हैं।उन्होंने विद्यार्थियों को नवाचार,वैज्ञानिक सोच एवं सृजनात्मक अभिव्यक्ति को जीवन का अभिन्न अंग बनाते हुए निरंतर सीखने और नई ऊँचाइयों को प्राप्त करने के लिए प्रेरित किया।प्रदर्शनी का अवलोकन करते हुए निर्णायक मंडल ने विद्यार्थियों द्वारा तैयार किए गए मॉडलों एवं चित्रकृतियों की मुक्तकंठ से सराहना की।उन्होंने विद्यार्थियों की कल्पनाशीलता,विषय की गहन समझ,प्रस्तुतीकरण कौशल एवं परिश्रम की प्रशंसा करते हुए कहा कि ऐसी गतिविधियाँ बच्चों में वैज्ञानिक चिंतन,समस्या-समाधान की क्षमता,आत्मविश्वास एवं व्यावहारिक ज्ञान का विकास करती हैं।प्रदर्शनी में बड़ी संख्या में अभिभावकों ने भी उत्साहपूर्वक सहभागिता की। उन्होंने विद्यार्थियों द्वारा तैयार किए गए मॉडलों एवं चित्रकृतियों का अवलोकन कर उनकी रचनात्मकता,वैज्ञानिक सोच और प्रस्तुतीकरण कौशल की मुक्तकंठ से सराहना की।अभिभावकों ने विद्यालय के इस प्रयास को विद्यार्थियों की प्रतिभा को प्रोत्साहित करने वाला सराहनीय आयोजन बताते हुए कहा कि ऐसे कार्यक्रम बच्चों के आत्मविश्वास और व्यावहारिक ज्ञान को नई दिशा प्रदान करते हैं।इस माडल प्रदर्शनी में जूनियर वर्ग में एक्सपेंडेड फॉर्म,रेनवाटर हार्वेस्टिंग एंड वाटर साइकिल प्रथम तिथि और तृतीय स्थान पर रहे।मिडिल वर्ग में मॉडर्न सिटी,टेस्ला टावर और एल.सी.एम.,न्यूक्लियर पावर प्लांट तृतीय स्थान पर रहे।सीनियर वर्ग में वेस्ट वाटर ट्रीटमेंट प्लांट,हाइड्रोलिक ब्रिज, हाइड्रोलिक रोबोटिक,एम्पलाई रिकॉर्ड डेटाबेस प्रथम द्वितीय एवं तृतीय स्थान पर रहे।इस अवसर पर विद्यालय प्रबंधन समिति की चेयरपर्सन निरुपमा भट्ट तलवार,सचिव तिलक राज तलवार,अध्यक्ष रूपेंद्र तलवार एवं मुस्कान तलवार ने विद्यार्थियों, शिक्षकों एवं विद्यालय परिवार को सफल आयोजन के लिए शुभकामनाएँ प्रेषित कीं।उन्होंने कहा कि विद्यालय भविष्य में भी विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास हेतु ऐसे रचनात्मक, नवाचारपूर्ण एवं ज्ञानवर्धक कार्यक्रमों का आयोजन करता रहेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *