अल्मोड़ा-उत्तरांचल फेडरेशन ऑफ मिनिस्टीरियल सर्विसेज एसोसिएशन उत्तराखंड के आह्वान पर जनपद अल्मोड़ा में लगातार चौथे दिन भी गेट मीटिंग का कार्यक्रम जारी रहा।गुरुवार को शिक्षा विभाग के भैंसियाछाना ब्लॉक स्थित खंड शिक्षा अधिकारी,उप शिक्षा अधिकारी एवं खंड विकास अधिकारी कार्यालय के कार्मिकों ने खंड शिक्षा अधिकारी एवं उप शिक्षा अधिकारी कार्यालय परिसर में गेट मीटिंग कर अपनी विभिन्न लंबित मांगों को लेकर आवाज बुलंद की।गेट मीटिंग के दौरान कर्मचारियों ने प्रधान सहायक एवं प्रशासनिक अधिकारी के पदों को समाहित करते हुए प्रशासनिक अधिकारी वरिष्ठ तथा मुख्य प्रशासनिक अधिकारी के पदों के सृजन, लेवल-11 में उप निदेशक का पद सृजित करने, फारगो नियमावली समाप्त करने, मिनिस्टीरियल पदों के पुनर्गठन, पुरानी पेंशन व्यवस्था बहाल करने, स्थानांतरण संबंधी विसंगतियों का निराकरण करने, कॉमन सेवा नियमावली लागू करने तथा पदोन्नति में संक्रमण काल समाप्त करने की मांग उठाई। इसके साथ ही मिनिस्टीरियल पदों पर आउटसोर्सिंग के माध्यम से नियुक्तियां नहीं किए जाने सहित अन्य लंबित मांगों के शीघ्र निस्तारण की मांग की गई।इस अवसर पर पूर्व मंडल अध्यक्ष धीरेन्द्र कुमार पाठक ने कहा कि कर्मचारियों की लंबित मांगों पर सरकार को शीघ्र शासनादेश जारी करना चाहिए। उन्होंने कहा कि कई मांगों पर समीक्षा के बाद शासनादेश जारी किया जा सकता है और इनमें सरकार पर कोई विशेष वित्तीय भार भी नहीं पड़ेगा। पुरानी पेंशन व्यवस्था जैसे महत्वपूर्ण विषय को लंबे समय तक लंबित रखना उचित नहीं है। उन्होंने मुख्य प्रशासनिक अधिकारियों को आहरण-वितरण अधिकार देने तथा उनके कार्य एवं उत्तरदायित्व शासन स्तर से स्पष्ट रूप से प्रख्यापित किए जाने की मांग की। उन्होंने कहा कि फेडरेशन की सभी 12 सूत्रीय मांगों का निस्तारण कर शासनादेश जारी किया जाना आवश्यक है।ब्लॉक संयोजक आनंद सिंह नेगी ने कहा कि सरकार को कर्मचारियों की सभी लंबित मांगों पर सकारात्मक निर्णय लेकर शीघ्र शासनादेश जारी करना चाहिए। मिनिस्टीरियल संवर्ग के कर्मचारी लगातार कठोर परिश्रम कर विभागीय कार्यों को सुचारु रूप से संचालित करते हैं, लेकिन उनकी जायज मांगों पर अपेक्षित कार्रवाई नहीं होना दुर्भाग्यपूर्ण है।गेट मीटिंग में पूर्व मंडल अध्यक्ष धीरेन्द्र कुमार पाठक,गौरव पांडे,रामशरण सिंह रावत, योगेन्द्र सिंह बिष्ट,कमला नेगी,भगवान भट्ट,सुनील बिष्ट, ब्लॉक संयोजक आनंद सिंह नेगी,अजय मेहता सहित अन्य कार्मिक मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *