अल्मोड़ा-उत्तराखंड सरकार की मीडिया सलाहकार समिति के उपाध्यक्ष ध्रुव रौतेला ने आज अल्मोड़ा पहुंचकर पत्रकारों के साथ प्रेसवार्ता की।अल्मोड़ा के सर्किट हाउस में हुई पत्रकार वार्ता के दौरान उन्होंने अपनी प्राथमिकताओं को साझा करते हुए कहा कि सरकार की योजनाओं, नीतियों एवं उपलब्धियों को प्रभावी ढंग से जन-जन तक पहुंचाने में मीडिया की महत्वपूर्ण भूमिका है। उन्होंने मीडिया के साथ बेहतर समन्वय स्थापित कर सकारात्मक संवाद को बढ़ावा देने पर जोर दिया।प्रेसवार्ता के दौरान उपाध्यक्ष ध्रुव रौतेला ने पत्रकारों की समस्याओं एवं सुझावों को गंभीरता से सुना और कहा कि पत्रकारों से जुड़े विभिन्न विषयों एवं समस्याओं के समाधान के लिए सरकार स्तर पर आवश्यक पहल की जाएगी।उन्होंने कहा कि पत्रकार लोकतंत्र के मजबूत स्तंभ हैं और उनके हितों तथा सुविधाओं का ध्यान रखा जाना आवश्यक है।उन्होंने कहा कि सरकार पारदर्शिता एवं जनहित को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए कार्य कर रही है तथा मीडिया के माध्यम से आम जनता तक सही एवं तथ्यात्मक जानकारी पहुंचाना बेहद जरूरी है। उन्होंने आशा व्यक्त की कि सरकार एवं मीडिया के बीच बेहतर समन्वय से जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ अधिक से अधिक लोगों तक पहुंच सकेगा।इस अवसर पर जिला सूचना अधिकारी सत्यपाल सिंह, जनपद के विभिन्न पत्रकार एवं मीडिया प्रतिनिधि उपस्थित रहे।मीडिया सलाहकार समिति के उपाध्यक्ष ध्रुव रौतेला ने आज जिला सूचना कार्यालय का भी निरीक्षण किया।जिला सूचना अधिकारी सत्यपाल सिंह ने उनका स्वागत किया तथा विभागीय कार्यों,स्टाफ,जनपद के मीडिया प्रतिनिधियों तथा जनपद से प्रकाशित होने वाले पत्र पत्रिकाओं के बारे में जानकारी दी।निरीक्षण के दौरान उन्होंने कार्यालय स्टाफ से परिचय लेकर विभागीय कार्यों के संबंध में विभिन्न जानकारियां प्राप्त की।इस दौरान उन्होंने प्रचार सामग्री का वितरण, पत्रकारों से जुड़ी समस्याओं तथा प्रचार प्रसार के कार्यों की समीक्षा की।उन्होंने कहा कि सरकार की योजनाओं,नीतियों और उपलब्धियों का बेहतर और प्रभावी प्रचार प्रसार विभाग का दायित्व है।इस दायित्व को सभी कार्मिक पूरी निष्ठा और जिम्मेदारी से निभाएं।उन्होंने निर्देश दिए कि प्रेस और प्रशासन के बीच एक मजबूत कड़ी के रूप में कार्य करें।


