अल्मोड़ा-महिलाओं एवं बालिकाओं के प्रति बढ़ रहे अपराधों के विरोध में आज महिला कांग्रेस अल्मोड़ा ने जिलाध्यक्ष राधा बिष्ट के नेतृत्व में स्थानीय चौहानबाटा में प्रदर्शन किया तथा पुतला दहन किया।महिला कांग्रेस जिलाध्यक्ष राधा बिष्ट ने कहा कि जिस तरह से प्रदेश में महिलाओं पर हो रहे अपराध बढ़ रहे हैं वे दुर्भाग्यपूर्ण है। उन्होंने कहा कि हाल ही में नैनीताल में बालिका से दुराचार की घटना ने सबको स्तब्ध कर दिया। उन्होंने कहा कि लगातार पूरे प्रदेश में ऐसे मामले सामने आ रहे हैं जिनमें महिला अपराधों की संख्या बढ़ी है। उन्होंने कहा कि ऐसा लगता है कि सरकार का बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओ अभियान मात्र विज्ञापनों तक ही सीमित रह गया है।महिला सुरक्षा के मामले में सरकार लगातार असफल साबित हो रही है।प्रदेश महामंत्री प्रीती बिष्ट ने कहा कि सरकार को महिला अपराधों पर रोक लगाने के लिए कड़े कानून लागू करने चाहिए जिससे कि किसी के मन में ऐसा अपराध करने का खयाल तक ना आए। उन्होंने कहा कि महिला अपराधों के मामलों में सुनवाई फास्ट ट्रैक कोर्ट में होनी चाहिए तथा अल्प समय में ही सजा सुनाई जानी चाहिए। उन्होंने कहा कि महिलाओं के साथ ऐसे जघन्य अपराध करने वालों को फांसी से कम सजा ना हो कानून में इसे सुनिश्चित किया जाए।महानगर अध्यक्ष तारा चंद्र जोशी ने कहा कि सरकार महिला अपराधों पर नियंत्रण लगाने में नाकाम साबित हो रही है। सरकार केवल विज्ञापनों के माध्यम से स्वयं अपनी पीठ थपथपा रही हैं लेकिन धरातल पर सरकार हर मामले में चाहे बात महिला सुरक्षा की हो,चाहे रोजगार की हो,चाहे महंगाई की हो सरकार लगातार असफल साबित हो रही है।पुतला दहन कार्यक्रम में महिला कांग्रेस जिलाध्यक्ष राधा बिष्ट,पूर्व जिलाध्यक्ष लता तिवारी,प्रदेश महामंत्री प्रीति बिष्ट,लीला जोशी,भावना वर्मा,पूनम आर्य,राधा राजपूत,महानगर अध्यक्ष ताराचंद जोशी,पूर्व नगर अध्यक्ष पूरन सिंह रौतेला,पूर्व जिलाध्यक्ष पीतांबर पाण्डे,परितोष जोशी,शहाबुद्दीन आदि दर्जनों कांग्रेस कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
