






अल्मोड़ा-लगातार बारिश के बीच अल्मोड़ा रेडक्रॉस ने मानवीय पहल करते हुए राजपुरा क्षेत्र में जरूरतमंद परिवारों की मदद के लिए राहत कार्य किया। क्षेत्र में तीन परिवारों के मकानों की छत खराब होने की जानकारी मिलने पर रेडक्रॉस की टीम ने मौके पर पहुंचकर क्षतिग्रस्त छतों के ऊपर तिरपाल डालकर बारिश के पानी से बचाव की व्यवस्था की।बारिश के कारण मकानों की छतों से पानी अंदर आने की समस्या से जूझ रहे परिवारों को रेडक्रॉस की इस पहल से तत्काल राहत मिली। टीम ने प्रभावित परिवारों की स्थिति का जायजा लेते हुए आवश्यकतानुसार तिरपाल उपलब्ध कराकर उन्हें बारिश से बचाने का प्रयास किया।इस दौरान रेडक्रॉस अध्यक्ष आशीष वर्मा ने कहा कि आपदा या संकट की स्थिति में जरूरतमंद लोगों तक तत्काल सहायता पहुंचाना रेडक्रॉस की प्राथमिकता है। उन्होंने कहा कि मौसम को देखते हुए प्रभावित परिवारों को तत्काल राहत उपलब्ध कराई गई है और जरूरत पड़ने पर आगे भी हरसंभव सहायता की जाएगी।राहत कार्य में रेडक्रॉस कोषाध्यक्ष दीप जोशी, यूथ रेडक्रॉस अध्यक्ष अमित साह ‘मोनू’, यूथ रेडक्रॉस उप सचिव अभिषेक जोशी, जगमोहन सिंह बिष्ट, स्थानीय पार्षद विकास कुमार, राजेंद्र बिष्ट सहित अन्य लोग मौजूद रहे। रेडक्रॉस की इस पहल की स्थानीय लोगों ने सराहना करते हुए जरूरत के समय प्रभावित परिवारों तक मदद पहुंचाने के लिए संस्था का आभार जताया।
