अल्मोड़ा -प्रैस को जारी एक बयान में अल्मोड़ा महानगर कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष तारा चंद्र जोशी ने कहा कि बडे ही दुर्भाग्य का विषय है कि जिस मामले को गंभीरता से लिया जाना चाहिए कुछ भाजपा के नेता जनता की परेशानियों से इतर अपने नेतागणों का महिमा मंडन करने में लगे हैं।इस बात पर कोई भी समयसीमा नहीं तय की जा रही कि आखिर कब क्वारब डेंजर जोन के सुधारीकरण का कार्य पूर्ण होगा व आम जनमानस को राहत मिलेगी।पिछले कुछ दिनों से जब से कांग्रेस ने क्वारब मोटर मार्ग के शीघ्रता से सुधारीकरण के लिए और कैंची धाम पर लगाने वाले जाम से निजात पाने हेतु जनआंदोलन की चेतावनी दी अचानक से जादू की छड़ी घुमाकर(जैसा भाजपा के एक नेता द्वारा बोला गया )कागजो पर कार्य प्रगति पर दिखाने का प्रयास हो रहा है।अत्यंत ही दुखद है कि केंद्रीय सडक और परिवहन राज्य मंत्री द्वारा जनता को ये नहीं बताया जा रहा है कि कब तक कार्य पूर्ण होने की समयसीमा है। उन्होंने कहा कि ऐसा नहीं कि पूर्व में मंत्री द्वारा कोई घोषणा नहीं की गई। कुछ वर्षों पहले एक घोषणा अल्मोड़ा मृग विहार को मिनी जू बनाने की भी की गई थी,वर्ष दर वर्ष बीत चले,मिनी जू शायद अभी भी फाइलों में चल रहा होगा धरातल पर तो अभी तक कुछ भी दिखाई नहीं दे रहा। उन्होंने कहा कि जहाँ तक सोशल मीडिया में कुछ वीडियो और चित्र के माध्यम से जनता को भ्रमित करने का प्रयास किया जा रहा है कि कार्य प्रगति में है वास्तव में ये दिखाए जाने वाला कार्य सिर्फ नदी द्वारा कटाव को रोकने का प्रयास भर है।ये कोई भी अभी तक नहीं बता पा रहे हैं कि आने वाले बरसात के मौसम में मार्ग बंद न हो,इसके लिए क्या प्रयास किया गया है ताकि यातायात सुचारु रूप से चल सके।जिलाधिकारी द्वारा रात के समय मार्ग बंद किये जाने वाले फरमान को पूर्णतया कब विराम लगेगा।पहाड़ी में इतनी बड़ी दरार कैसे आयी और कैसे खुले आसमान में (जिसको प्राकृतिक आपदा का रूप दिया जा रहा है ) कैसे पहाड़ भरभरा कर नीचे गिर गया?क्वारब में नवनिर्मित पुल के निर्माण के दौरान हुई घोर लापरवाही पर क्यों मंत्री मौन हैं,क्या इस चुप्पी को तोड़ने के लिए, जिस मार्ग का वो अल्मोड़ा आने जाने के लिए लगातार सदुपयोग करते हैं उसके लिए उनको ज्ञापन देने या पत्र व्यवहार करने की अवश्यक्ता पड़ेगी? उन्होंने कहा कि मंत्री वर्तमान में लगभग 12 वर्ष से सांसद हैं।इस दौरान वो पूर्व में केंद्रीय कपड़ा राज्य मंत्री भी रहे हैं। वो अल्मोड़ा के निवासी हैं,उनके केंद्रीय कपड़ा राज्य मंत्री रहने के दौरान एक योजना बता दें जिससे उनके मंत्रालय से अल्मोड़ा के बेरोजगारों को रोजगार मिला हो, या जनता को कोई लाभ हुआ हो। उन्होंने कहा कि शायद उस समय भी मंत्री जी को याद दिलाने के लिए कोई ज्ञापन या पत्र व्यवहार नहीं हुआ होगा कि मंत्री जी ये आपका ही संसदीय क्षेत्र है, इसके लिए आप कोई नीति बनाइये ताकि बेरोजगारों को रोजगार मिल सके।आज भी स्थिति क्रमशः वही है,कागजो पर योजनाओं को दिखाया जा रहा है,लेकिन धरातल पर कुछ कार्य होता नहीं दिख रहा है। बरसात के मौसम में कैसे मार्ग सुचारु रूप से चल पायेगा,इसके लिए कोई भी गंभीरता नहीं दिखाई जा रही है। उसी प्रकार जो पहाड़ का मलवा नदी में गिर रहा है,वो भी एक अन्य गंभीर विषय है,इसलिए मलवा अगर नदी में जाएगा तो भविष्य में नदी के मार्ग परिवर्तन का भी खतरा बना हुआ है। जिस प्रकार पहाड़ में बड़ी बड़ी दरार गंभीर बन गई हैं,ये खतरा हर समय बना हुआ है कि पूरा का पूरा पहाड़ नीचे न आ जाए और यदि ऐसा हुआ तो राष्ट्रीय राजमार्ग के लम्बे समय तक बंद होने का खतरा बना हुआ है।बहुत ही चिंतनीय और अत्यंत गंभीर विषय में राज्य सरकार और केंद्रीय राज्य मंत्री की गंभीरता इसी बात से दिखाई देती है कि लगभग एक वर्ष के आस पास का समय व्यतीत हो जाने के बाद भी आज भी योजना कागजो में ही बन रही है।शासन मस्त है और जनता त्रस्त है।स्थिति की गंभीरता को देखते हुए कांग्रेस ने जनआंदोलन के माध्यम से चरणबद्ध तरीके से बात रखने का निर्णय लिया है।इसी क्रम में पूर्व में अल्मोड़ा विधायक मनोज तिवारी के नेतृत्व में क्वराब में धरना दिया गया था।अब अग्रिम रुपरेखा अनुसार कल दिनांक 22 मई 2025 को जिलाधिकारी कार्यालय का घेराव किया जाएगा जिसमें पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत, प्रदेश अध्यक्ष करन मेहरा,नेता प्रतिपक्ष यशपाल आर्य,उप नेता सदन भुवन कापड़ी,जिलाध्यक्ष अल्मोड़ा भूपेंद्र भोज,विधायक अल्मोड़ा मनोज तिवारी,विधायक द्वाराहाट मदन सिंह बिष्ट,पूर्व प्रदेश अध्यक्ष गणेश गोदियाल,पूर्व विधानसभा अध्यक्ष गोविन्द सिंह कुंजवाल,पूर्व सांसद प्रदीप टम्टा,पूर्व विधायक ललित फर्स्वाण,पूर्व पालिकाध्यक्ष प्रकाश चद्र जोशी,पूर्व पालिकाध्यक्ष शोभा जोशी व कई अन्य विधायक,पूर्व विधायक, विधानसभा प्रत्याशी समेत जिला कांग्रेस कमेटी अल्मोड़ा,रानीखेत, बागेश्वर,पिथौरागढ़,ब्लॉक कांग्रेस कमेटी,नगर कांग्रेस कमेटी,महिला कांग्रेस कमेटी सहित समस्त कांग्रेस फ्रंटल के पदाधिकारी और कार्यकर्ता समेत आम जन मानस इस कार्यक्रम में उपस्थित रहेंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *