
अल्मोड़ा-क्वारब क्षेत्र में पिछले दो वर्षों से स्थायी समाधान नहीं निकल पाने पर व्यापार मंडल ने गहरी नाराजगी व्यक्त की है। व्यापार मंडल जिलाध्यक्ष सुशील साह ने बयान जारी करते हुए कहा कि वैकल्पिक मार्ग पर अब तक केवल छोटी गाड़ियों की आवाजाही ही सुचारु हो पाई है,जबकि मालवाहक वाहनों का संचालन वैकल्पिक मार्ग पर पूरी तरह बंद है,जिससे व्यापार और आम जनजीवन दोनों प्रभावित हो रहे हैं।उन्होंने कहा कि व्यापार की स्थिति पहले से ही कमजोर बनी हुई है।ऐसे समय में परिवहन लागत का दोगुना हो जाना व्यापारियों और आम जनता के लिए गंभीर समस्या बन चुका है। मालवाहक वाहनों के लंबे रूट से संचालन के कारण ट्रांसपोर्ट खर्च लगातार बढ़ रहा है,जिसका सीधा असर बाजार पर दिखाई देने लगा है।सुशील साह ने कहा कि पहले से ही महंगाई चरम पर है और अब परिवहन लागत बढ़ने से सब्जियां,राशन,निर्माण सामग्री सहित दैनिक उपयोग की वस्तुएं और अधिक महंगी होने की आशंका है।इसका सबसे अधिक असर आम उपभोक्ताओं और छोटे व्यापारियों पर पड़ रहा है।उन्होंने यह भी कहा कि दुखद स्थिति यह है कि दो वर्षों के लंबे समय के बाद भी वैकल्पिक मार्ग केवल हल्के वाहनों के संचालन योग्य ही बन पाया है।भारी वाहनों के लिए अब तक समुचित व्यवस्था नहीं हो सकी है,जिससे कुमाऊं क्षेत्र की व्यापारिक गतिविधियां प्रभावित हो रही हैं।व्यापार मंडल जिलाध्यक्ष ने जिलाधिकारी से जनहित एवं व्यापारिक हितों को ध्यान में रखते हुए मालवाहक वाहनों के लिए मार्ग को शीघ्र खोलने की अपील की है। उन्होंने कहा कि इस समस्या का जल्द समाधान निकलना चाहिए क्योंकि लगातार बढ़ती समस्याओं से व्यापारी वर्ग एवं आमजन परेशान है।
