अल्मोड़ा-कवीन्द्र पन्त एडवोकेट पूर्व उपसचिव जिला बार एसोसिएशन अल्मोड़ा ने अध्यक्ष/सचिव जिला बार एसोसिएशन अल्मोड़ा को नव पंजीकृत कनिष्ठ अधिवक्ताओं व उम्रदराज वरिष्ठ एडवोकेट्स हेतु प्रोत्साहन राशि/ जीवन निर्वाह भत्ता (स्टाइफन्ड) के संदर्भ में ज्ञापन दिया।ज्ञापन के माध्यम से उन्होंने कहा कि मैं आज एक महत्वपूर्ण विषय की तरफ आपका ध्यान आकृष्ट करते हुए आपसे आग्रह करना चाहूंगा जो कि नव पंजीकृत कनिष्ठ अधिवक्ताओं व उम्रदराज वरिष्ठ अधिवक्तागण से जुड़ा हुआ एक संवेदनशील विषय है। जैसा कि आप अवगत ही हैं नव पंजीकृत अधिवक्ताओं के समक्ष वर्तमान में बहुत सी चुनौतियां हैं और शुरूआती वर्ष जूनियर अधिवक्ताओं के लिए आर्थिक रूप से चुनौतीपूर्ण साबित हो रहे हैं जिससे नए अधिवक्ताओं के लिए जीविकोपार्जन के दृष्टिकोण से अधिवक्ता व्यवसाय में बने रहना बेहद कठिन हो रहा है।हमें यहां पर कमजोर आर्थिक पृष्ठभूमि के परिवारों से आने वाले उन नव पंजीकृत कनिष्ठ अधिवक्ताओं की मनोदशा को समझना जरूरी हो जाता है। जो कि वकालत का एक कैरियर के तौर पर चुनाव कर अनेकों सपने लिए इस व्यवसाय में आते हैं और शुरूआती वर्षों में आमदनी की न्यूनता उन्हें निराश करती है। अब परिस्थितियां पहले से बिल्कुल भिन्न हैं और कार्यस्थल भी दूर होने से आने जाने के लिए भी संसाधनों की महती आवश्यकता होती है ऐसे में यह आवश्यक हो जाता है कि शुरूआती पांच साल तक जूनियर अधिवक्ताओं के लिए एक समुचित प्रोत्साहन राशि (स्टाइफन्ड) की व्यवस्था सुनिश्चित की जाए व 60-65 वर्ष से अधिक के ऐसे वरिष्ठ एडवोकेट्स जिन्होंने अपना पूरा जीवन वकालत के व्यवसाय के लिए समर्पित कर दिया अधिवक्ता व्यवसाय में जीवन पर्यन्त महत्वपूर्ण योगदान सुनिश्चित किया है लेकिन अब बढ़ती उम्र की परेशानियों से कोर्ट आने में असमर्थ हो रहे हैं उन्हें भी इसी तरह का जीवन निर्वाह भत्ता मिले जिससे वे अपना शेष जीवन बिना किसी आर्थिक परेशानी के बिना किसी पर निर्भरता के सम्मान के साथ व्यतीत कर सकें इसके लिए भी बार के स्तर पर मंथन समय की आवश्यकता है।चूंकि हमारी बार एसोसिएशन भी आर्थिक रूप से इसकी व्यवस्था करने में सक्षम नहीं है अतः मैं आपसे आग्रह व उम्मीद करूंगा कि आप उपरोक्त उल्लिखित विषयों पर बार के स्तर पर समुचित पहल कर इस हेतु उच्च स्तरीय प्रयास सुनिश्चित करेंगे।
