अल्मोड़ा-जिलाधिकारी अंशुल सिंह ने बुधवार को चौखुटिया स्थित सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र का औचक निरीक्षण कर अस्पताल में उपलब्ध स्वास्थ्य सेवाओं,साफ-सफाई एवं आधारभूत सुविधाओं का जायजा लिया।उन्होंने अस्पताल परिसर,भवन की स्थिति तथा मरीजों को उपलब्ध कराई जा रही सुविधाओं का बारीकी से निरीक्षण किया।निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने ओपीडी,विभिन्न वार्डों, शौचालयों,उपचार कक्षों तथा अन्य इकाइयों का निरीक्षण किया।उन्होंने संचालित हो रहे ऑपरेशन थिएटर का भी निरीक्षण कर वहां उपलब्ध व्यवस्थाओं,उपकरणों एवं कार्यप्रणाली की जानकारी ली।अस्पताल में उपलब्ध विभिन्न स्वास्थ्य सुविधाओं का भी जायजा लिया।जिलाधिकारी ने अस्पताल में भर्ती एवं उपचार के लिए आए मरीजों से बातचीत कर उन्हें मिल रही चिकित्सा सेवाओं, दवाइयों की उपलब्धता, साफ-सफाई एवं अन्य व्यवस्थाओं के संबंध में फीडबैक प्राप्त किया।उन्होंने मरीजों की समस्याएं सुनते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक सुधारात्मक कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने अस्पताल भवन की स्थिति का अवलोकन करते हुए आवश्यक मरम्मत एवं सुधार कार्यों के लिए शीघ्र आगणन तैयार करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि भवन संबंधी कमियों का समयबद्ध समाधान सुनिश्चित किया जाए,ताकि मरीजों एवं चिकित्साकर्मियों को बेहतर वातावरण उपलब्ध हो सके।जिलाधिकारी ने अधिकारियों को अस्पताल में स्वच्छता, अनुशासन एवं स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता बनाए रखने के निर्देश देते हुए कहा कि मरीजों को समयबद्ध, गुणवत्तापूर्ण एवं बेहतर चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध कराना सर्वोच्च प्राथमिकता है तथा इसमें किसी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी।निरीक्षण के दौरान सीएमओ हरीश कुमार पंत, उप जिलाधिकारी सुनील कुमार सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *