अल्मोड़ा-जिला विकास प्राधिकरण को लेकर जनपद में विरोध तेज हो गया है।मंगलवार को सर्वदलीय संघर्ष समिति के बैनर तले विभिन्न संगठनों से जुड़े लोगों ने चौघानपाटा स्थित गांधी पार्क में धरना-प्रदर्शन कर सरकार से डीडीए को तत्काल समाप्त करने की मांग की।प्रदर्शनकारियों ने आरोप लगाया कि डीडीए को लागू करते समय पर्वतीय क्षेत्रों की विशिष्ट भौगोलिक परिस्थितियों और स्थानीय जरूरतों की अनदेखी की गई। उन्होंने कहा कि पहाड़ों की सीमित भूमि, ढलानदार भू-भाग और पारंपरिक बसावट को ध्यान में रखे बिना बनाए गए नियम आम जनता के लिए परेशानी का कारण बन रहे हैं। निर्माण कार्यों में आ रही दिक्कतों और जटिल प्रक्रियाओं से लोग लगातार प्रभावित हो रहे हैं। समिति सदस्यों ने कहा कि लंबे समय से जनपद स्तर पर डीडीए के विरोध में आवाज उठाई जा रही है, लेकिन अब तक सरकार ने इस दिशा में कोई ठोस निर्णय नहीं लिया है। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि जल्द ही डीडीए को समाप्त नहीं किया गया तो आंदोलन को और व्यापक रूप दिया जाएगा। यहां पूर्व पालिकाध्यक्ष प्रकाश चंद्र जोशी, हेम चंद्र तिवारी, अख्तर हुसैन, ललित मोहन पंत, गोविंद बल्लभ जोशी, लक्ष्मण ऐठानी, दीवान बिष्ट, भारतरत्न पांडे, चंद्रशेखर बनकोटी, बच्ची सिंह परिहार समेत विभिन्न संगठनों से जुड़े लोग मौजूद रहे।
