अल्मोड़ा/जागेश्वर-विश्व प्रसिद्ध श्री जागेश्वर धाम में बंदरों के बढ़ते आतंक से श्रद्धालुओं में भय का माहौल है।मंदिर परिसर में आए दिन बंदरों द्वारा श्रद्धालुओं पर झपटने और उन्हें काटने की घटनाएं सामने आने का दावा किया जा रहा है।विशेष रूप से प्रसाद लेकर मंदिर की ओर जाने वाली महिलाओं,बुजुर्गों और छोटे बच्चों को बंदरों द्वारा निशाना बनाए जाने की शिकायतें हैं।श्री ज्योतिर्लिंग जागेश्वर धाम के मुख्य पुजारी एवं महामंडलेश्वर कैलाशानंद महाराज ने कहा कि बंदरों के आतंक के कारण मंदिर में आने वाले श्रद्धालुओं को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।कई बार बंदर श्रद्धालुओं के हाथ से प्रसाद छीनने के प्रयास में उन्हें घायल भी कर देते हैं।इससे धाम की शांति और श्रद्धालुओं की सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ रही है।उन्होंने कहा कि स्थानीय पुजारियों और दुकानदारों के अनुसार यह समस्या पिछले कई महीनों से लगातार बढ़ रही है,लेकिन अभी तक इसका स्थायी समाधान नहीं हो पाया है। उन्होंने जिलाधिकारी अल्मोड़ा और वन विभाग से मामले का तत्काल संज्ञान लेकर प्रभावी कार्रवाई करने की मांग की।महामंडलेश्वर कैलाशानंद महाराज ने मांग की कि वन विभाग द्वारा बंदरों को पकड़कर सुरक्षित तरीके से जंगल में स्थानांतरित करने की व्यवस्था की जाए।इसके साथ ही मंदिर परिसर में बंदरों की आवाजाही को नियंत्रित करने के लिए आधुनिक अल्ट्रासोनिक उपकरण लगाए जाएं तथा किसी श्रद्धालु के घायल होने की स्थिति में मंदिर परिसर में प्राथमिक उपचार की सुविधा उपलब्ध कराई जाए।उन्होंने कहा कि जागेश्वर धाम केवल धार्मिक आस्था का केंद्र ही नहीं, बल्कि उत्तराखंड के प्रमुख पर्यटन स्थलों में भी शामिल है। ऐसे में यहां आने वाले श्रद्धालुओं की सुरक्षा सुनिश्चित करना प्रशासन की प्राथमिक जिम्मेदारी है। उन्होंने प्रशासन से बंदरों की समस्या का स्थायी समाधान निकालने की मांग की।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *