

अल्मोड़ा-हवालबाग विकासखंड सभागार में बुधवार को ब्लॉक प्रमुख हिमानी कुंडु की ओर से दिवाली मिलन कार्यक्रम आयोजित किया गया।कार्यक्रम की अध्यक्षता ब्लॉक प्रमुख हिमानी कुंडु ने की। कार्यक्रम में पूर्व भाजपा जिला अध्यक्ष रवि रौतेला,हरीश कनवाल अतिथि के तौर पर मौजूद रहे।कार्यक्रम में क्षेत्र के जनप्रतिनिधियों,ग्राम प्रधानों, स्थानीय लोगों और विभिन्न सामाजिक संगठनों से जुड़े लोगों ने हिस्सा लिया।सभी ने एक-दूसरे को दीपावली पर्व की शुभकामनाएं दीं और आपसी भाईचारे,सौहार्द तथा सामाजिक एकता को मजबूत करने का संदेश दिया।ब्लॉक प्रमुख हिमानी कुंडु ने कहा कि दीपावली केवल दीप जलाने और खुशियां मनाने का पर्व नहीं है,बल्कि यह आपसी प्रेम,भाईचारे और सद्भावना का संदेश भी देती है।दीपावली का प्रकाश समाज में फैले अंधकार को दूर करने और सकारात्मक सोच के साथ आगे बढ़ने की प्रेरणा देता है।उन्होंने क्षेत्रवासियों को दीपावली की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि सभी लोग मिल जुलकर क्षेत्र के विकास और जनकल्याण के कार्यों में सहयोग करें।उन्होंने कहा कि हवालबाग क्षेत्र में विकास कार्यों के साथ-साथ सामाजिक सहभागिता और आपसी समन्वय को भी प्राथमिकता दी जा रही है। इस अवसर पर ब्लॉक प्रमुख हिमानी कुंडु की ओर से उपस्थित जनप्रतिनिधियों, ग्राम प्रधानों और अन्य लोगों को मिष्ठान वितरित किया गया।पूर्व भाजपा प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य और पूर्व जिला अध्यक्ष रवि रौतेला ने उपस्थित लोगों को दीपावली की शुभकामनाएं दीं।उन्होंने कहा कि दीपावली का पर्व हमें सत्य,सद्भाव और सकारात्मकता के मार्ग पर चलने की प्रेरणा देता है। उन्होंने सभी से पर्व को आपसी प्रेम और सौहार्द के साथ मनाने की अपील की। प्रधान संगठन ब्लॉक अध्यक्ष देवेंद्र सिंह नयाल ने कहा कि दीपावली का पर्व गांवों और समाज में आपसी एकता, भाईचारे और सहयोग की भावना को मजबूत करने का अवसर है।उन्होंने कहा कि ऐसे आयोजनों से जनप्रतिनिधियों के बीच आपसी समन्वय बढ़ता है और क्षेत्र की समस्याओं तथा विकास कार्यों पर मिलकर चर्चा करने का अवसर मिलता है।कार्यक्रम का संचालन प्रधान संगठन महामंत्री विनोद जोशी ने किया।इस दौरान प्रधान संगठन उपाध्यक्ष चंद्रिका तिवारी,नवीन भट्ट, एबीडीओ राजेंद्र टम्टा,कमल किशोर चम्याल,राहुल खोलिया,मदन बिष्ट,हितेश नेगी,प्रदीप पालनी,गिरीश तिवारी सहित बड़ी संख्या में ग्राम प्रधान,क्षेत्र पंचायत सदस्य और विकासखंड का स्टाफ मौजूद रहा।कार्यक्रम के अंत में ब्लॉक प्रमुख हिमानी कुंडु ने सभी अतिथियों, जनप्रतिनिधियों और उपस्थित लोगों का आभार व्यक्त किया।
