अल्मोड़ा-प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिवस के उपलक्ष्य में चलाए जा रहे सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत ग्राम टाटीक में आंगन मिलन कार्यक्रम आयोजित किया गया।कार्यक्रम में उत्तराखंड शासन की दर्जा राज्य मंत्री गंगा बिष्ट ने प्रतिभाग किया।इस अवसर पर दर्जा राज्य मंत्री ने क्षेत्र की आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों को सम्मानित किया और बच्चों के पोषण,स्वास्थ्य,प्रारंभिक शिक्षा एवं सर्वांगीण विकास के लिए उनके द्वारा किए जा रहे कार्यों की सराहना की। कार्यक्रम में मौजूद नन्हे-मुन्ने बच्चों को आवश्यक एवं उपयोगी सामग्री भी वितरित की गई।कार्यक्रम को संबोधित करते हुए गंगा बिष्ट ने कहा कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में प्रदेश सरकार महिला सशक्तिकरण, बाल विकास और पोषण को प्राथमिकता देते हुए जनकल्याणकारी योजनाओं को गांव-गांव तक पहुंचाने का कार्य कर रही है।उन्होंने कहा कि आंगनबाड़ी कार्यकत्रियां सरकार और समाज के बीच महत्वपूर्ण कड़ी के रूप में कार्य कर रही हैं।उन्होंने कहा कि बच्चों के पोषण और स्वास्थ्य के साथ-साथ गर्भवती एवं धात्री माताओं तथा परिवारों को स्वास्थ्य एवं पोषण के प्रति जागरूक करने में आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों की भूमिका महत्वपूर्ण है।आंगन मिलन जैसे कार्यक्रमों के माध्यम से कार्यकत्रियों,बच्चों और परिवारों के साथ सीधे संवाद का अवसर मिलता है।इस दौरान बच्चों के साथ आत्मीय संवाद करते हुए दर्जा राज्य मंत्री ने उनके स्वस्थ, खुशहाल और उज्ज्वल भविष्य की कामना की।कार्यक्रम के अंत में आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों के प्रति आभार व्यक्त करते हुए स्वस्थ बचपन,सशक्त मातृशक्ति और समृद्ध उत्तराखंड के निर्माण का संकल्प लिया गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *