अल्मोड़ा-प्रजापिता ब्रह्माकुमारी ईश्वरीय विश्वविद्यालय उप सेवा केंद्र अल्मोड़ा के तत्वावधान में डोली डाना वन क्षेत्र में वृहद वृक्षारोपण,स्वच्छता एवं नशा मुक्ति जनजागरण अभियान आयोजित किया गया।प्रकृति संरक्षण,स्वच्छ पर्यावरण और नशा मुक्त समाज के उद्देश्य से आयोजित इस अभियान में विभिन्न सामाजिक संस्थाओं, प्रशासनिक अधिकारियों, पर्यावरण प्रेमियों एवं नागरिकों ने उत्साहपूर्वक भागीदारी की।कार्यक्रम के मुख्य अतिथि मुख्य विकास अधिकारी राम जी शर्मा ने पौधारोपण कर अभियान का शुभारंभ किया।उन्होंने कहा कि पर्यावरण संरक्षण और स्वच्छता केवल सरकारी योजनाएं नहीं,बल्कि प्रत्येक नागरिक का नैतिक दायित्व है।उन्होंने प्रजापिता ब्रह्माकुमारी ईश्वरीय विश्वविद्यालय,रेड क्रॉस सोसाइटी,ग्रीन हिल्स अल्मोड़ा तथा जिला विधिक सेवा प्राधिकरण सहित सभी सहयोगी संस्थाओं के प्रयासों की सराहना की।अभियान के दौरान देवलीडाना वन क्षेत्र में व्यापक स्वच्छता अभियान चलाया गया।प्रतिभागियों ने प्लास्टिक एवं अन्य कचरे को एकत्र कर निर्धारित डस्टबिनों तक पहुंचाया।इसके बाद लगभग 250 फलदार, छायादार एवं विभिन्न प्रजातियों के पौधों का रोपण किया गया।सभी प्रतिभागियों ने लगाए गए पौधों की नियमित देखभाल करने और स्वच्छता को जीवन का हिस्सा बनाने का संकल्प लिया।ग्रीन हिल्स अल्मोड़ा की संस्थापक एवं पर्यावरणविद डॉ. वसुधा पंत ने कहा कि वृक्षारोपण केवल पौधे लगाने का कार्य नहीं,बल्कि आने वाली पीढ़ियों के सुरक्षित भविष्य का बीजारोपण है। उन्होंने अपनी टीम के साथ पौधारोपण में सक्रिय सहभागिता निभाई।उत्तराखंड चिकित्सा एवं स्वास्थ्य विभाग के पूर्व निदेशक डॉ जे सी दुर्गापाल ने कहा कि पौधारोपण तभी सफल माना जाएगा जब लगाए गए पौधे सुरक्षित रहकर वृक्ष बनें और समाज को स्वच्छ वातावरण प्रदान करें।इस अवसर पर ब्रह्माकुमारी संस्था के डॉ हेमंत पांडे ने सभी अतिथियों एवं प्रतिभागियों का स्वागत किया।कार्यक्रम में रेड क्रॉस सोसाइटी के अध्यक्ष आशीष वर्मा,जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के संदीप कुमार, ग्रीन हिल्स अल्मोड़ा,रेड क्रॉस सोसाइटी,जिला विधिक सेवा प्राधिकरण तथा ब्रह्माकुमारी उप सेवा केंद्र अल्मोड़ा के सदस्य एवं बड़ी संख्या में गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।कार्यक्रम की विशेष उपलब्धि के रूप में ब्रह्माकुमारी संस्था द्वारा संचालित 10 करोड़ नशा मुक्ति शपथ अभियान के अंतर्गत सभी प्रतिभागियों ने नशा मुक्त भारत का संकल्प लिया।अभियान के तहत कर्बला से डोलीडाना मंदिर तक स्वच्छता,पर्यावरण संरक्षण,पौधारोपण एवं नशा मुक्ति के संदेश के साथ जनजागरण रैली भी निकाली गई।रैली में शामिल लोगों ने प्रेरक नारों के माध्यम से समाज को स्वच्छ,हरित और व्यसनमुक्त जीवन का संदेश दिया।समापन अवसर पर ब्रह्माकुमारी संस्था की ओर से मुख्य विकास अधिकारी राम जी शर्मा को आध्यात्मिक चित्र एवं दैनिक सुविचार भेंट किए गए तथा उपस्थित लोगों को शिव संदेश वितरित किया गया।कार्यक्रम का संचालन बी के हेमेंद्र जोशी ने किया।यह अभियान वृक्षारोपण और स्वच्छता तक सीमित न रहकर पर्यावरण संरक्षण, सामाजिक उत्तरदायित्व एवं नशा मुक्त भारत के संकल्प को जन-जन तक पहुंचाने वाला प्रेरणादायी जनजागरण अभियान साबित हुआ।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *