अल्मोड़ा-धूनी मंदिर वार्ड में व्याप्त जनसमस्याओं को लेकर आज नगर निगम प्रशासन सक्रिय नजर आया।स्थानीय पार्षद मीरा मिश्रा के अनुरोध पर नगर आयुक्त सीमा विश्वकर्मा ने वार्ड का स्थलीय निरीक्षण कर विभिन्न समस्याओं का जायजा लिया और संबंधित अधिकारियों को त्वरित कार्रवाई के निर्देश दिए।निरीक्षण के दौरान पार्षद मीरा मिश्रा ने नगर आयुक्त को अवगत कराया कि बीते वर्ष बरसात के दौरान नालियों की समुचित व्यवस्था न होने के कारण वार्ड में दैनिक आवागमन के कई मार्ग क्षतिग्रस्त हो गए हैं। इसके अलावा कई प्रमुख रास्ते संकरे और दुर्घटनाग्रस्त स्थिति में हैं,जहां पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था का अभाव है।पार्षद ने इन मार्गों पर स्ट्रीट लाइट लगाने की मांग भी प्रमुखता से उठाई।इसके साथ ही वार्ड में कई स्थानों पर खुली नालियां लोगों के लिए खतरा बनी हुई हैं, जिन्हें ढकने की आवश्यकता है।बरसाती पानी की निकासी की उचित व्यवस्था न होने से जलभराव की समस्या भी सामने आती है, जिससे आमजन को काफी परेशानी उठानी पड़ती है।पार्षद ने नालियों और गंदगी वाले स्थानों पर नियमित रूप से डिसइन्फेक्टेंट के छिड़काव की भी मांग की, ताकि स्वच्छता व्यवस्था बेहतर हो सके।नगर आयुक्त सीमा विश्वकर्मा ने मौके पर ही संबंधित विभागीय अधिकारियों को आवश्यक निर्देश देते हुए कहा कि वार्ड की समस्याओं का समाधान प्राथमिकता के आधार पर किया जाए।उन्होंने आश्वस्त किया कि जिन कार्यों के लिए समय की आवश्यकता है,उन्हें भी शीघ्र पूर्ण कराया जाएगा ताकि आम जनता को राहत मिल सके।इस निरीक्षण के दौरान सहायक नगर आयुक्त लक्ष्यण भंडारी, अमीन बसंत बल्लभ पाण्डेय, अवर अभियंता राबेल सिंह, अवर अभियंता मिनिका टाकुली,महेश चंद्र मिश्रा (एडवोकेट) सहित अन्य स्थानीय लोग भी उपस्थित रहे।
