अल्मोड़ा-व्यापार मंडल के उप सचिव अश्विनी नेगी ने धारानौला क्षेत्र की जर्जर सड़कों को लेकर कड़ी नाराजगी जताई है।उन्होंने कहा कि केवल पेचवर्क से काम चलाने की कोशिश की जा रही है,जबकि इस सड़क का स्थायी समाधान निकालते हुए जल्द से जल्द टेंडर जारी कर हॉट मिक्स सड़क का निर्माण कराया जाना चाहिए।उन्होंने स्पष्ट कहा कि धारानौला क्षेत्र की जनता के साथ इस तरह का सौतेला व्यवहार किसी भी हाल में स्वीकार नहीं किया जाएगा।यह मार्ग न केवल स्थानीय लोगों के लिए महत्वपूर्ण है,बल्कि इसी रास्ते से बड़ी संख्या में पर्यटक कसारदेवी,चितई जागेश्वर मंदिर, बागेश्वर,पिथौरागढ़ और बिनसर जैसे प्रमुख पर्यटन स्थलों की ओर जाते हैं,जहां वर्तमान में सड़क की स्थिति बेहद खराब बनी हुई है और जगह-जगह गड्ढे देखने को मिल रहे हैं।नेगी ने कहा कि पर्यटन सीजन शुरू हो चुका है,लेकिन खराब सड़कों के कारण पर्यटकों को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।पहले ही कैंची धाम में लगने वाले जाम से स्थिति प्रभावित है,वहीं क्वारब क्षेत्र में भी सड़क और यातायात व्यवस्था की हालत बेहद गंभीर बनी हुई है,जिससे पर्यटकों की आवाजाही और अधिक बाधित हो रही है।इसके साथ ही उन्होंने धारानौला क्षेत्र की स्थिति पर भी चिंता जताते हुए कहा कि जिला प्रशासन और जनप्रतिनिधियों द्वारा इस मार्ग को लगातार उपेक्षित रखा गया है।यहां आए दिन जाम की स्थिति बनी रहती है,लेकिन न तो पर्याप्त पार्किंग की व्यवस्था हो पाई है और न ही ऐसी कोई ठोस पहल की गई है जिससे स्थानीय लोगों को अपने रोजमर्रा के कामकाज में होने वाली दिक्कतों से राहत मिल सके।उन्होंने कहा कि इन समस्याओं के कारण पर्यटक अल्मोड़ा आने से कतराने लगे हैं।जो पर्यटक किसी तरह यहां पहुंच भी रहे हैं,उन्हें न तो बेहतर सड़कें मिल पा रही हैं और न ही सुचारू व्यवस्था,जिससे जिले की पर्यटन छवि पर नकारात्मक असर पड़ रहा है।अंत में उन्होंने प्रशासन से मांग की है कि धारानौला सहित सभी प्रमुख मार्गों की स्थिति को गंभीरता से लेते हुए शीघ्र टेंडर प्रक्रिया पूरी कर गुणवत्तापूर्ण सड़क निर्माण कराया जाए ताकि स्थानीय जनता और पर्यटन दोनों को राहत मिल सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *