अल्मोड़ा-नगर के ढुंगाधारा मार्ग स्थित पोखर खाली के पास बना कूड़ाघर अब स्थानीय लोगों और राहगीरों के लिए बड़ी समस्या बन गया है। कूड़े के कारण यहां बंदरों का जमावड़ा भी लगातार बढ़ता जा रहा है जिससे दुर्घटना और हमलों का खतरा बना हुआ है।स्थानीय निवासियों का कहना है कि कूड़ाघर की स्थिति इतनी खराब हो चुकी है कि कचरा सड़क तक फैल गया है।इससे मार्ग से गुजरने वाले बुजुर्गों,स्कूली बच्चों और आम नागरिकों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।कई बार बंदरों के अचानक झपटने की घटनाएं भी सामने आई हैं,जिससे लोग दहशत में हैं।मोहल्ले के लोगों ने बताया कि इस संबंध में नगर निगम को कई बार शिकायत की जा चुकी है और कूड़ाघर को हटाने की मांग भी उठाई गई है। हालांकि हर बार निगम की ओर से केवल आश्वासन ही मिला लेकिन धरातल पर अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई है।स्थानीय लोगों ने नगर निगम के उस दावे पर भी सवाल उठाए हैं, जिसमें हर घर से नियमित कूड़ा उठाने की बात कही जाती है। उनका कहना है कि जब निगम की गाड़ी सुबह इस मार्ग पर घर घर से कूड़ा उठा रही तो इस जगह कूड़ेदान का क्या औचित्य?वहीं दूसरी ओर सड़कों पर कूड़े के कारण बंदरों का आतंक आम जनता की जान पर भारी पड़ रहा है।क्षेत्रवासियों ने प्रशासन से जल्द से जल्द इस समस्या का समाधान करने और कूड़ाघर को हटाने की मांग की है, ताकि लोगों को इस गंभीर परेशानी से राहत मिल सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *