


धौलादेवी-सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र धौलादेवी में अल्ट्रासाउंड मशीन और डिजिटल एक्स-रे मशीन की स्थापना की मांग को लेकर मंगलवार से अनिश्चितकालीन धरना प्रदर्शन शुरू हो गया। डॉ. नीरज पंत के नेतृत्व में शुरू हुए आंदोलन के पहले दिन क्षेत्र के ग्राम प्रधानों, पंचायत प्रतिनिधियों, सामाजिक कार्यकर्ताओं और ग्रामीणों ने धरना स्थल पर पहुंचकर आंदोलन को समर्थन दिया।सुबह करीब 11 बजे क्षेत्र के ग्राम प्रधान धरना स्थल पर पहुंचे और एकजुटता व्यक्त की। इस दौरान प्रधान संगठन ने आंदोलन को गांव-गांव तक पहुंचाने का अभियान भी शुरू करने की बात कही।आंदोलनकारियों की मुख्य मांग है कि सी एच सी धौलादेवी में तत्काल अल्ट्रासाउंड और डिजिटल एक्स-रे मशीन स्थापित की जाए।उनका कहना है कि क्षेत्र में पर्याप्त स्वास्थ्य सुविधाओं के अभाव में मरीजों, विशेषकर गर्भवती महिलाओं और दुर्घटना पीड़ितों को जांच के लिए दूर-दराज के अस्पतालों में जाना पड़ता है।आंदोलनकारियों ने कहा कि स्वास्थ्य केंद्र में आवश्यक जांच सुविधाएं उपलब्ध होने से क्षेत्र की बड़ी आबादी को राहत मिलेगी।इसी मांग को लेकर जिला प्रशासन को सौंपने के लिए अस्पताल की अन्य मूलभूत आवश्यकताओं से संबंधित दस सूत्रीय मांगपत्र भी तैयार किया गया है।आंदोलन संयोजक डॉ. नीरज पंत ने कहा कि यह आंदोलन किसी एक व्यक्ति का नहीं,बल्कि पूरे क्षेत्र के स्वास्थ्य अधिकारों से जुड़ा मुद्दा है। उन्होंने स्पष्ट किया कि जब तक सी एच सी धौलादेवी में जरूरी सुविधाएं उपलब्ध नहीं कराई जातीं, तब तक धरना जारी रहेगा।आंदोलनकारियों ने बताया कि जिला प्रशासन द्वारा मांगें माने जाने तक धरना लगातार जारी रखा जाएगा।ग्राम प्रधानों से प्रतिदिन आंदोलन में भागीदारी बढ़ाने की अपील भी की गई है।धरने में हरीश धर्मवाल, हरीश मलारा (प्रधान छतना), मोहन सिंह भंडारी (प्रधान दुनिया), बसन जोशी (क्षेत्र पंचायत सदस्य), किशोर जोशी (प्रधान अटली), गोविंद पांडे (पूर्व प्रधान), बसंत पांडे (प्रधान प्रतिनिधि गैला), कैलाश पांडे (प्रधान नैनीली), डॉ. डॉ.श्री जोशी (क्षेत्र अध्यक्ष), भारती जन्ता पार्टी के ईश्वर सिंह (पूर्व प्रधान), हेमंत पांडे (प्रधान सैनी), गोपाल भट्ट (प्रधान हिमाघोली), गोपाल डसीला (पूर्व छात्र संघ अध्यक्ष), अरुण पटवाल (प्रधान प्रतिनिधि नया सिरकोट), चंदन सिंह (क्षेत्र पंचायत सदस्य), सुमित शाह (प्रधान), कैसर सिंह (प्रधान), ललित वर्मा, सुरेश चंद (प्रधान प्रतिनिधि दनाड़) सहित बड़ी संख्या में क्षेत्रवासी मौजूद रहे।आंदोलनकारियों ने कहा कि अल्ट्रासाउंड और डिजिटल एक्स-रे जैसी बुनियादी जांच सुविधाएं सी एच सी धौलादेवी में उपलब्ध कराना क्षेत्र की प्राथमिक आवश्यकता है।
