अल्मोड़ा-सोबन सिंह जीना विश्वविद्यालय के आगामी दीक्षांत समारोह में विभिन्न विषयों के मेधावी विद्यार्थियों को पदक प्रदान किए जाएंगे। विश्वविद्यालय के कुलसचिव डॉ. देवेंद्र सिंह बिष्ट ने बताया कि समारोह में विश्वविद्यालय के कुलाधिपति एवं उत्तराखंड के राज्यपाल 21 विद्यार्थियों को पदक प्रदान करेंगे। साथ ही विश्वविद्यालय में सर्वोच्च अंक प्राप्त करने वाले सात विद्यार्थियों को कुलाधिपति स्वर्ण पदक से सम्मानित किया जाएगा। उन्होंने बताया कि स्नातक स्तर पर विभिन्न विषयों में 32, स्नातकोत्तर स्तर पर 120 तथा व्यावसायिक पाठ्यक्रमों में 17 विद्यार्थियों को विश्वविद्यालय स्वर्ण पदक प्रदान किए जाएंगे। इसके अलावा पांच विद्यार्थियों को प्रायोजक स्वर्ण पदक भी दिए जाएंगे। प्रायोजक पदकों में वाणिज्य विषय में स्नातक स्तर पर सर्वोच्च अंक प्राप्त करने वाली छात्रा को श्रीमती भगवती देवी स्मृति स्वर्ण पदक, एलएलबी में सर्वोच्च अंक प्राप्त करने वाली छात्रा को श्रीमती शीला देवी स्मृति स्वर्ण पदक तथा बीएससी में सर्वोच्च अंक प्राप्त करने वाली छात्रा को अनीता एवं डॉ. प्रमोद अग्रवाल गोल्डी स्वर्ण पदक प्रदान किया जाएगा। इसके अलावा बीएड में सर्वोच्च अंक प्राप्त करने वाले विद्यार्थी को राधा देवी एवं खीम सिंह बिष्ट स्मृति स्वर्ण पदक तथा स्नातकोत्तर वाणिज्य में सर्वोच्च अंक प्राप्त करने वाले विद्यार्थी को स्वर्गीय कुशल सिंह बिष्ट स्मृति स्वर्ण पदक दिया जाएगा। दीक्षांत समारोह में विश्वविद्यालय के विभिन्न विषयों के 48 शोधार्थियों को पीएचडी की उपाधि भी प्रदान की जाएगी। समारोह के दौरान कुलाधिपति विश्वविद्यालय द्वारा विकसित ‘विधि सहयोगी ऐप’ तथा ‘पत्रकारिता : संभावनाएं, भविष्य एवं चुनौतियां’ पुस्तक का विमोचन करेंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *