अल्मोड़ा-कांग्रेस जिलाध्यक्ष भूपेंद्र सिंह भोज ने हल्द्वानी में कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे की जनसभा के बाद हुए कथित शुद्धिकरण प्रकरण को लेकर भाजपा द्वारा आज किए जा रहे धरना-प्रदर्शन पर तीखी प्रतिक्रिया व्यक्त की है।उन्होंने कहा कि भाजपा को पहले यह जवाब देना चाहिए कि हल्द्वानी के रामलीला मैदान में कांग्रेस की सभा के बाद शुद्धिकरण की आवश्यकता क्यों पड़ी और इस घटना के लिए जिम्मेदार लोगों पर अब तक कार्रवाई क्यों नहीं हुई। कांग्रेस लगातार इस मामले में निष्पक्ष जांच और दोषियों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की मांग कर रही है।भोज ने कहा कि आज भाजपा द्वारा सामाजिक सौहार्द के नाम पर धरना देना उल्टा चोर कोतवाल को डांटे जैसा है। सामाजिक सौहार्द की सबसे बड़ी दुश्मन वह मानसिकता है जो किसी व्यक्ति की जाति के आधार पर उसके स्पर्श या उपस्थिति को अपवित्र मानती है।उन्होंने कहा कि मल्लिकार्जुन खड़गे देश के वरिष्ठ नेता,कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष और संवैधानिक पद पर आसीन जनप्रतिनिधि हैं। उनके कार्यक्रम के बाद किसी सार्वजनिक स्थल का शुद्धिकरण किया जाना पूरे देश के सामने उत्तराखंड की सामाजिक चेतना पर सवाल खड़ा करता है।भाजपा को धरना देने के बजाय इस गंभीर घटना पर स्पष्ट जवाब देना चाहिए।कांग्रेस जिलाध्यक्ष ने कहा कि संविधान ने देश को समानता,सम्मान और सामाजिक न्याय का अधिकार दिया है।भाजपा जितना इस मुद्दे को दबाने और कांग्रेस पर आरोप लगाने की कोशिश करेगी,कांग्रेस उतनी ही मजबूती से सामाजिक समानता और संवैधानिक मूल्यों की आवाज उठाएगी।उन्होंने कहा कि भाजपा का आज का धरना मूल मुद्दे से जनता का ध्यान भटकाने का प्रयास है,लेकिन कांग्रेस कार्यकर्ता इस मुद्दे को दबने नहीं देंगे और दोषियों के खिलाफ कार्रवाई होने तक लोकतांत्रिक तरीके से अपना संघर्ष जारी रखेंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *