


अल्मोड़ा-जिला चिकित्सालय अल्मोड़ा में करीब ढाई माह से रिक्त चल रहे फिजिशियन के पद पर आखिरकार नियुक्ति हो गई है।फिजिशियन की तैनाती से लंबे समय से चिकित्सक की कमी के चलते परेशान मरीजों को राहत मिलने की उम्मीद जगी है। इसको लेकर कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने सरकार पर दबाव का दावा करते हुए इसे मरीजों के हित में महत्वपूर्ण कदम बताया है।नगर कांग्रेस महामंत्री वैभव पांडे ने फिजिशियन की नियुक्ति का स्वागत करते हुए कहा कि जिला चिकित्सालय में लंबे समय से फिजिशियन का पद रिक्त होने के कारण मरीजों को उपचार के लिए परेशानियों का सामना करना पड़ रहा था।उन्होंने कहा कि कांग्रेस लगातार इस मुद्दे को प्रमुखता से उठाती रही और सरकार पर दबाव बनाया गया,जिसके बाद अब चिकित्सालय में फिजिशियन की नियुक्ति की गई है।वैभव पांडे ने कहा कि जिला चिकित्सालय में फिजिशियन की कमी का सीधा असर आम मरीजों पर पड़ रहा था। गंभीर एवं सामान्य बीमारियों से पीड़ित मरीजों को विशेषज्ञ चिकित्सक के लिए इधर-उधर भटकना पड़ रहा था।उन्होंने कहा कि फिजिशियन की नियुक्ति से अब मरीजों को जिला स्तर पर ही बेहतर चिकित्सा सुविधा उपलब्ध हो सकेगी।उन्होंने सरकार से जिला चिकित्सालय में अन्य रिक्त विशेषज्ञ चिकित्सकों के पदों को भी जल्द भरने की मांग की ताकि पहाड़ के मरीजों को उपचार के लिए बड़े शहरों की ओर रेफर न होना पड़े।उन्होंने कहा कि स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूत करने के लिए चिकित्सकों की नियमित उपलब्धता सुनिश्चित करना जरूरी है।
