अल्मोड़ा-नगर निगम अल्मोड़ा की बोर्ड बैठक शनिवार को नगर निगम सभागार में महापौर अजय वर्मा की अध्यक्षता में आयोजित हुई। बैठक शुरू होने से पहले उत्तराखंड सरकार द्वारा नामित आठ सदस्यों को पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाई गई। इसके बाद सहायक नगर आयुक्त लक्ष्मण सिंह ने 15 प्रस्तावों का एजेंडा सदन के समक्ष रखा। बैठक में वित्तीय वर्ष 2026-27 का वार्षिक बजट प्रस्तुत किया गया। लेखाकार राजीव शर्मा ने बताया कि चालू वित्तीय वर्ष में 36 करोड़ 32 लाख 90 हजार 800 रुपये की अनुमानित आय तथा 37 करोड़ 15 लाख 5 हजार 800 रुपये का अनुमानित व्यय रखा गया है। इस प्रकार 82 लाख 96 हजार रुपये के घाटे का बजट सदन के समक्ष प्रस्तुत किया गया, जिसे बोर्ड ने सर्वसम्मति से मंजूरी दे दी। पार्षदों ने आय-व्यय का विस्तृत विवरण 10 दिनों के भीतर उपलब्ध कराने की मांग भी की। सदन ने गत बैठक की कार्यवाही की पुष्टि करते हुए पूर्व में मांगे गए अभिलेख 15 दिनों के भीतर सभी पार्षदों को उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। जिन प्रस्तावों के लिए नियमावली तैयार कर आपत्तियां और सुझाव आमंत्रित किए जाने हैं, उनकी प्रतियां सभी पार्षदों को उपलब्ध कराने तथा अगली बैठक में अनुमोदन के लिए प्रस्तुत करने का निर्णय लिया गया। बैठक में पार्षदों ने अपने-अपने वार्डों के लिए करीब 300 विकास कार्यों के प्रस्ताव रखे। इनमें क्षतिग्रस्त सड़कों, नालियों, कल्वर्ट, रेलिंग, स्ट्रीट लाइट, विद्युत पोल, सार्वजनिक शौचालयों, पैदल मार्ग, डस्टबिन वितरण और सफाई व्यवस्था को मजबूत करने जैसे कार्य शामिल रहे। पार्षदों ने पीतांबर होटल के पास शौचालय के पुनर्निर्माण, निगम की किराये की दुकानों का सर्वे कराने, सबलेट और बिक्री की जांच करने तथा वर्तमान दरों के अनुसार किराया बढ़ाने की मांग की। निगम की विभिन्न समितियों के गठन, पार्किंग व्यवस्था निगम को वापस सौंपने, पर्यावरण मित्रों की संख्या बढ़ाने, आवारा कुत्तों और गौवंश के लिए शेल्टर बनाने, स्काई लिफ्ट को दुरुस्त कराने और हाईमास्ट लाइटों की मरम्मत कराने जैसे प्रस्ताव भी रखे गए। बैठक में यह भी सुझाव दिया गया कि संपत्ति कर के बिल वार्षिक के बजाय तिमाही आधार पर जारी किए जाएं ताकि राजस्व बढ़े और वसूली व्यवस्था बेहतर हो। जलकर में अनावश्यक वृद्धि रोकने के लिए जल संस्थान के साथ बैठक करने तथा नगर निगम की अनापत्ति प्रमाणपत्र (एनओसी) के बिना किसी भी विभाग द्वारा लाइसेंस जारी नहीं करने का प्रस्ताव भी रखा गया। इसके अलावा रैम्जे पार्क का नाम बदलकर शहीद सावन साह के नाम पर रखने का प्रस्ताव भी बोर्ड के समक्ष आया। पार्षदों ने विशेष रूप से प्रत्येक वार्ड के छोटे विकास कार्यों के लिए पांच लाख रुपये की वार्ड निधि उपलब्ध कराने और जनसेवा के दौरान होने वाले खर्चों को देखते हुए प्रत्येक पार्षद को 25 हजार रुपये मासिक भत्ता दिए जाने की मांग भी उठाई। बैठक में महापौर अजय वर्मा, नगर आयुक्त सीमा विश्वकर्मा, सहायक नगर आयुक्त लक्ष्मण भंडारी, वित्त अधिकारी विनय नेगी सहित नगर निगम के अधिकारी, कर्मचारी और बड़ी संख्या में पार्षद उपस्थित रहे।पार्षद अमित साह, पार्षद ज्योति साह व कुछ पार्षदगणों द्वारा मानदेय का विरोध भी किया गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *