




अल्मोड़ा-बीयरशिबा सीनियर सेकेंडरी स्कूल अल्मोड़ा में विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास एवं उनके उज्ज्वल भविष्य को ध्यान में रखते हुए आज एक विशेष करियर काउंसलिंग सेशन का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों को उनकी रुचि, क्षमता एवं योग्यता के अनुरूप सही करियर विकल्प चुनने तथा भविष्य की चुनौतियों के लिए स्वयं को तैयार करने के संबंध में आवश्यक मार्गदर्शन प्रदान करना था।कार्यक्रम में प्रतिष्ठित करियर काउंसलर प्रोफेसर डॉ. संतोषी सेन गुप्ता ने विद्यार्थियों से संवाद किया और करियर निर्माण से जुड़े विभिन्न महत्वपूर्ण पहलुओं पर विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने विद्यार्थियों को अपनी रुचियों एवं क्षमताओं को पहचानने, स्पष्ट लक्ष्य निर्धारित करने तथा अपने लक्ष्य की प्राप्ति के लिए निरंतर प्रयास करने के लिए प्रेरित किया।डॉ. संतोषी सेन गुप्ता ने विद्यार्थियों को विभिन्न करियर विकल्पों, उच्च शिक्षा के अवसरों, विषय चयन, कौशल विकास तथा बदलते समय में उभरते नए करियर क्षेत्रों के बारे में महत्वपूर्ण जानकारी प्रदान की। उन्होंने विद्यार्थियों को समझाया कि करियर का चुनाव केवल दूसरों की देखा-देखी नहीं, बल्कि अपनी रुचि, प्रतिभा, योग्यता और भविष्य की संभावनाओं को ध्यान में रखते हुए सोच-समझकर किया जाना चाहिए। उन्होंने विद्यार्थियों द्वारा पूछे गए विभिन्न प्रश्नों के उत्तर देकर उनकी जिज्ञासाओं का समाधान भी किया।इस अवसर पर नेहा ने भी विद्यार्थियों का मार्गदर्शन किया।उन्होंने विद्यार्थियों को अपने निर्धारित लक्ष्य के प्रति गंभीर रहने, नियमित अध्ययन करने और आत्मविश्वास के साथ आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने समय प्रबंधन, सकारात्मक सोच, अनुशासन एवं निरंतर प्रयास को सफलता की महत्वपूर्ण कुंजी बताया।विद्यालय की अकादमिक निदेशिका दीपिका विल्सन एवं उप प्रधानाचार्य हरीश कांडपाल ने भी विद्यार्थियों को संबोधित किया। उन्होंने कहा कि वर्तमान प्रतिस्पर्धात्मक दौर में केवल शैक्षणिक ज्ञान ही पर्याप्त नहीं है, बल्कि विद्यार्थियों में सही निर्णय लेने की क्षमता, आत्मविश्वास, संचार कौशल, नेतृत्व क्षमता एवं समस्या समाधान की क्षमता का विकास भी आवश्यक है। उन्होंने विद्यार्थियों से काउंसलिंग सेशन के दौरान प्राप्त महत्वपूर्ण जानकारियों को अपने भविष्य की योजना बनाने में उपयोग करने का आह्वान किया।काउंसलिंग सेशन के दौरान विद्यार्थियों ने पूरे उत्साह एवं रुचि के साथ सहभागिता की। उन्होंने करियर एवं उच्च शिक्षा से संबंधित विभिन्न प्रश्न विशेषज्ञों के समक्ष रखे और उनके माध्यम से अपनी जिज्ञासाओं का समाधान प्राप्त किया। यह सत्र विद्यार्थियों के लिए अत्यंत ज्ञानवर्धक, उपयोगी एवं प्रेरणादायक रहा।विद्यालय प्रबंधन ने इस प्रकार के करियर मार्गदर्शन कार्यक्रमों को विद्यार्थियों के उज्ज्वल भविष्य की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल बताया। विद्यालय का निरंतर प्रयास है कि विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के साथ-साथ करियर मार्गदर्शन, व्यक्तित्व विकास, कौशल विकास तथा भविष्य की संभावनाओं के संबंध में समय-समय पर विशेषज्ञों का मार्गदर्शन उपलब्ध कराया जाए।विद्यालय परिवार ने विश्वास व्यक्त किया कि इस प्रकार के काउंसलिंग सेशन विद्यार्थियों को अपने भविष्य के लिए बेहतर निर्णय लेने तथा अपने निर्धारित लक्ष्यों की दिशा में आत्मविश्वास के साथ आगे बढ़ने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे।विद्यालय प्रबंधन की ओर से संस्थापक प्रबंधक निरुपमा भट्ट तलवार, सचिव तिलकराज तलवार, अध्यक्ष निरुपेन्द्र तलवार एवं मुस्कान तलवार ने विद्यालय में इस प्रकार के प्रेरणादायक एवं ज्ञानवर्धक कार्यक्रम आयोजित किए जाने की सराहना की तथा विद्यार्थियों के उज्ज्वल भविष्य के लिए ऐसे प्रयासों को निरंतर जारी रखने पर बल दिया।कार्यक्रम के अंत में विद्यालय के शिक्षक मुकेश कुमार ने वोट ऑफ थैंक्स प्रस्तुत करते हुए करियर काउंसलर प्रोफेसर डॉ. संतोषी सेन गुप्ता, नेहा, विद्यालय प्रबंधन, अकादमिक निदेशिका, उप प्रधानाचार्य, समस्त शिक्षकों एवं विद्यार्थियों का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कार्यक्रम को सफल एवं ज्ञानवर्धक बनाने में प्रत्यक्ष एवं अप्रत्यक्ष रूप से सहयोग देने वाले सभी लोगों के प्रति धन्यवाद ज्ञापित किया।
