

अल्मोड़ा-लगातार हो रही बारिश के चलते नगर के राजपुर क्षेत्र में दो भवनों की छतों से पानी घरों के अंदर जाने की सूचना मिलने पर रेड क्रॉस सोसायटी अल्मोड़ा ने त्वरित कार्रवाई करते हुए प्रभावित परिवारों को राहत पहुंचाई। सूचना मिलते ही रेड क्रॉस की टीम मौके पर पहुंची और दोनों भवनों की छतों पर त्रिपाल डालकर बारिश के पानी के रिसाव को रोकने का कार्य किया।बारिश के कारण छतों से पानी टपकने से परिवारों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा था। स्थिति की जानकारी मिलते ही रेड क्रॉस के पदाधिकारियों और स्वयंसेवकों ने बिना समय गंवाए मौके पर पहुंचकर राहत कार्य शुरू किया। टीम ने प्रभावित भवनों का निरीक्षण किया तथा आवश्यक व्यवस्था करते हुए छतों को त्रिपाल से ढक दिया, जिससे घरों के भीतर पानी जाने की समस्या पर तत्काल राहत मिल सकी।रेड क्रॉस के सचिव विनीत बिष्ट ने कहा कि आपदा अथवा किसी भी प्रकार की आपात स्थिति में रेड क्रॉस सदैव जनसेवा के लिए तत्पर रहता है। उन्होंने कहा कि बरसात के मौसम में किसी भी जरूरतमंद परिवार को सहायता की आवश्यकता होने पर रेड क्रॉस हर संभव मदद उपलब्ध कराने का प्रयास करेगा।राहत कार्य के दौरान रेडक्रॉस सचिव विनीत बिष्ट यूथ रेड क्रॉस चेयरमैन अमित साह मोनू, यूथ उपाध्यक्ष अर्जुन बिष्ट ‘चीमा’, यूथ उपसचिव अभिषेक जोशी, पार्षद विकास कुमार, देवेंद्र भट्ट तथा दीपांशु जोशी सहित अन्य स्वयंसेवक मौजूद रहे। स्थानीय लोगों ने समय पर पहुंचकर सहायता प्रदान करने के लिए रेड क्रॉस टीम का आभार व्यक्त किया।बरसात के बीच रेड क्रॉस की इस तत्परता ने प्रभावित परिवारों को बड़ी राहत पहुंचाई और संस्था की जनसेवा के प्रति प्रतिबद्धता को भी दर्शाया।
