अल्मोड़ा/देहरादून-अल्मोड़ा विधायक मनोज तिवारी ने देहरादून स्थित यमुना कॉलोनी में शहरी विकास मंत्री राम सिंह कैड़ा के शासकीय आवास पर शिष्टाचार भेंट कर अल्मोड़ा नगर की विभिन्न जनसमस्याओं एवं विकास कार्यों से जुड़े महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तृत चर्चा की। मुलाकात के दौरान विधायक ने नगर निगम से संबंधित कई लंबित मामलों को प्रमुखता से उठाते हुए उनके शीघ्र समाधान की मांग की।शहरी विकास मंत्री ने सभी विषयों पर गंभीरता से विचार करते हुए सकारात्मक कार्रवाई का भरोसा दिलाया।बैठक में सबसे पहले देवभूमि उत्तराखण्ड सफाई कर्मचारी संघ के उन कर्मचारियों का विषय प्रमुखता से उठाया गया,जिन्होंने हाल ही में अपनी विभिन्न मांगों को लेकर धरना-प्रदर्शन और आमरण अनशन किया था।विधायक मनोज तिवारी ने कहा कि सफाई कर्मचारी नगरों की स्वच्छता व्यवस्था की रीढ़ हैं और उनकी समस्याओं का समयबद्ध समाधान किया जाना आवश्यक है।उन्होंने कर्मचारियों की मांगों पर संवेदनशीलता के साथ विचार करते हुए उचित कार्रवाई करने का आग्रह किया।मंत्री राम सिंह कैड़ा ने इस विषय पर संबंधित अधिकारियों से आवश्यक जानकारी लेकर नियमानुसार समाधान की दिशा में प्रभावी कदम उठाने का आश्वासन दिया।इसके अलावा विधायक ने अल्मोड़ा नगर निगम से जुड़े कई महत्वपूर्ण विकास कार्यों पर भी चर्चा की।उन्होंने कहा कि नगर क्षेत्र में बढ़ती आबादी और वाहनों की संख्या को देखते हुए पार्किंग की समस्या लगातार गंभीर होती जा रही है।शहर में पर्याप्त पार्किंग व्यवस्था विकसित किए जाने की आवश्यकता है ताकि यातायात व्यवस्था सुचारु हो सके और लोगों को जाम की समस्या से राहत मिल सके।विधायक ने नगर क्षेत्र में ऊर्जा व्यवस्था को सुदृढ़ करने, पुराने और जर्जर विद्युत ढांचे के सुधार तथा आवश्यक स्थानों पर बेहतर विद्युत सुविधाएं उपलब्ध कराने की आवश्यकता भी मंत्री के समक्ष रखी।साथ ही नगर की प्रमुख और संपर्क सड़कों के सुधारीकरण एवं डामरीकरण के कार्यों में तेजी लाने का अनुरोध किया,ताकि आम जनता को बेहतर आवागमन की सुविधा मिल सके।बैठक में बरसात के मौसम को देखते हुए नालों के सुधारीकरण और जल निकासी व्यवस्था को भी प्रमुखता से उठाया गया।विधायक ने कहा कि कई स्थानों पर नालों की स्थिति खराब होने के कारण जलभराव और गंदगी की समस्या उत्पन्न होती है।उन्होंने नगर क्षेत्र में नालों के निर्माण, चौड़ीकरण और नियमित सफाई के लिए विशेष कार्ययोजना तैयार करने का आग्रह किया।इसके साथ ही विधायक मनोज तिवारी ने नगर निगम भवन के नवनिर्माण का विषय भी मंत्री के समक्ष रखा।उन्होंने कहा कि आधुनिक सुविधाओं से युक्त नगर निगम भवन का निर्माण होने से नागरिकों को बेहतर सेवाएं मिलेंगी तथा निगम की प्रशासनिक कार्यप्रणाली भी अधिक प्रभावी होगी।उन्होंने अल्मोड़ा नगर के समग्र विकास के लिए शहरी विकास विभाग से विशेष सहयोग की अपेक्षा जताई।शहरी विकास मंत्री राम सिंह कैड़ा ने विधायक द्वारा उठाए गए सभी विषयों को गंभीरता से सुना और कहा कि राज्य सरकार नगरों के समग्र विकास तथा नागरिक सुविधाओं के विस्तार के लिए प्रतिबद्ध है।उन्होंने आश्वासन दिया कि सफाई कर्मचारियों से जुड़े मामलों सहित नगर निगम,पार्किंग, सड़क,ऊर्जा,नालों के सुधारीकरण तथा नगर निगम भवन के निर्माण से संबंधित सभी विषयों पर विभागीय स्तर पर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।उन्होंने कहा कि जनहित से जुड़े कार्यों को प्राथमिकता देते हुए हरसंभव प्रयास किए जाएंगे ताकि अल्मोड़ा नगर को बेहतर आधारभूत सुविधाएं उपलब्ध कराई जा सकें।विधायक मनोज तिवारी ने बैठक के बाद कहा कि अल्मोड़ा की जनता से जुड़े प्रत्येक मुद्दे को सरकार के समक्ष मजबूती से रखा जा रहा है और भविष्य में भी नगर के विकास, नागरिक सुविधाओं के विस्तार तथा जनसमस्याओं के समाधान के लिए लगातार प्रयास जारी रहेंगे।उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि शहरी विकास विभाग के सहयोग से अल्मोड़ा नगर के विकास कार्यों को नई गति मिलेगी और जनता को इसका प्रत्यक्ष लाभ प्राप्त होगा। विधायक मनोज तिवारी ने उपरोक्त के सम्बन्ध में सचिवालय में शहरी विकास सचिव नितेश झा से भी मुलाकात कर विस्तृत वार्ता की।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *