अल्मोड़ा-सोबन सिंह जीना राजकीय आयुर्विज्ञान एवं अनुसंधान संस्थान अल्मोड़ा में दंत रोगियों को अत्याधुनिक सीबीसीटी स्कैनिंग की सुविधा मिलने लगी है।मेडिकल कॉलेज में सीबीसीटी स्कैनिंग मशीन स्थापित होने के बाद वरिष्ठ असिस्टेंट प्रोफेसर एवं दंत चिकित्सक डॉ. अनिल पांडे की देखरेख में मरीजों की जांच और उपचार किया जा रहा है।इस सुविधा के सुचारू होने से अल्मोड़ा सहित पूरे कुमाऊं क्षेत्र के मरीजों को अब जटिल दंत रोगों की सटीक जांच के लिए दूसरे शहरों का रुख नहीं करना पड़ेगा।सीबीसीटी एक आधुनिक थ्री डी इमेजिंग तकनीक है जो दांतों,जबड़ों, चेहरे की हड्डियों,नसों और आसपास की संरचनाओं की अत्यंत स्पष्ट एवं त्रि-आयामी (थ्री डी) तस्वीर उपलब्ध कराती है।सामान्य दंत एक्स-रे की तुलना में यह तकनीक कहीं अधिक विस्तृत जानकारी देती है,जिससे रोग की सही पहचान और उपचार की बेहतर योजना बनाई जा सकती है।डॉ. अनिल पांडे ने बताया कि सीबीसीटी तकनीक विशेष रूप से डेंटल इम्प्लांट,रूट कैनाल के जटिल मामलों,अकल दाढ़ (विजडम टूथ) की स्थिति,जबड़े की हड्डियों में संक्रमण,सिस्ट एवं ट्यूमर की जांच,चेहरे की चोट, फ्रैक्चर तथा जबड़े के जोड़ (टीएमजे) से संबंधित समस्याओं के निदान में बेहद उपयोगी है।इससे उपचार की सफलता की संभावना बढ़ती है और अनावश्यक जटिलताओं से बचाव होता है।सीबीसीटी मशीन की सबसे बड़ी विशेषता यह है कि यह कुछ ही सेकंड में उच्च गुणवत्ता की थ्री डी इमेज उपलब्ध करा देती है।जांच पूरी तरह दर्दरहित होती है तथा पारंपरिक मेडिकल सीटी स्कैन की तुलना में इसमें अपेक्षाकृत कम विकिरण का उपयोग होता है।स्पष्ट और सटीक इमेज मिलने से चिकित्सक नसों, हड्डियों और दांतों की वास्तविक स्थिति का बेहतर आकलन कर पाते हैं,जिससे उपचार अधिक सुरक्षित और प्रभावी बनता है।विशेषज्ञों के अनुसार आधुनिक दंत चिकित्सा में सीबीसीटी तकनीक को एक महत्वपूर्ण उपलब्धि माना जाता है।यह तकनीक जटिल सर्जरी से पहले सटीक योजना बनाने,दांतों की छिपी हुई समस्याओं का पता लगाने तथा मरीज को बेहतर उपचार उपलब्ध कराने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती है।अल्मोड़ा मेडिकल कॉलेज में इस सुविधा के शुरू होने से न केवल जनपद अल्मोड़ा बल्कि बागेश्वर,पिथौरागढ़,चम्पावत और नैनीताल सहित पूरे कुमाऊं मंडल के मरीजों को बड़ी राहत मिलेगी।अब उन्हें केवल सीबीसीटी जांच के लिए हल्द्वानी,देहरादून या अन्य बड़े शहरों की यात्रा नहीं करनी पड़ेगी,जिससे समय और आर्थिक खर्च दोनों की बचत होगी।यह सुविधा क्षेत्र में दंत चिकित्सा सेवाओं को नई मजबूती प्रदान करेगी और मरीजों को आधुनिक तकनीक आधारित बेहतर उपचार उपलब्ध कराने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम साबित होगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *