अल्मोड़ा-राष्ट्रीय विधिक सेवा प्राधिकरण और उत्तराखंड राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण नैनीताल के निर्देश पर शनिवार को जनपद के न्यायालयों, वाह्य न्यायालयों और तहसील न्यायालयों में राष्ट्रीय लोक अदालत का आयोजन किया गया। लोक अदालत में मामलों के निस्तारण के लिए कुल चार बैंच गठित की गई थीं। परिवार न्यायालय की बैंच में वैवाहिक और पारिवारिक विवादों से जुड़े तीन लंबित मामलों का सुलह-समझौते के आधार पर निस्तारण किया गया। इसमें कुल 2.96 लाख रुपये की समझौता राशि तय हुई। मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट की बैंच में आपराधिक कंपाउंडेबल, ट्रैफिक चालान और बैंक प्री-लिटिगेशन से जुड़े मामलों की सुनवाई की गई। इस बैंच में कुल 99 मामलों का निस्तारण हुआ, जिसमें ट्रैफिक चालान, आपराधिक मामलों और बैंक प्री-लिटिगेशन मामलों सहित कुल 46.05 लाख रुपये से अधिक की समझौता राशि तय की गई। न्यायिक मजिस्ट्रेट की बैंच में ट्रैफिक चालान, सिविल, एनआई एक्ट और पारिवारिक मामलों सहित कुल 14 मामलों का निस्तारण किया गया। इन मामलों में 37.92 लाख रुपये से अधिक की सुलह समझौता राशि रही। रानीखेत में गठित बैंच में एनआई एक्ट और पारिवारिक मामलों से जुड़े सात मामलों का निस्तारण किया गया। यहां कुल 62.57 लाख रुपये की समझौता राशि तय हुई। राष्ट्रीय लोक अदालत में जनपद अल्मोड़ा और वाह्य न्यायालयों में कुल 53 लंबित वादों और बैंक प्री-लिटिगेशन से जुड़े 70 मामलों का निस्तारण किया गया। लंबित वादों में कुल 1.03 करोड़ रुपये से अधिक तथा प्री-लिटिगेशन मामलों में 45.62 लाख रुपये की सुलह समझौता राशि तय हुई।

