अल्मोड़ा-जनपद अल्मोड़ा में पर्यटन गतिविधियों को सुव्यवस्थित एवं प्रभावी ढंग से संचालित करने तथा पर्यटन के सुनियोजित, सतत एवं समग्र विकास को सुनिश्चित करने के उद्देश्य से जिला पर्यटन विकास समिति की बैठक जिलाधिकारी अंशुल सिंह की अध्यक्षता में आयोजित की गई। बैठक में जनपद में संचालित एवं प्रस्तावित विभिन्न पर्यटन परियोजनाओं, अवसंरचनाओं का विकास, प्रचार-प्रसार रणनीतियों तथा रोजगार सृजन की संभावनाओं पर विस्तार से चर्चा की गई और संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश प्रदान किए गए।बैठक के दौरान जिलाधिकारी ने पिछली बैठक में दिए गए निर्देशों की बिंदुवार समीक्षा करते हुए कार्यों की प्रगति का जायजा लिया। इसके उपरांत उन्होंने कोसी बैराज क्षेत्र में जल क्रीड़ाओं (वाटर स्पोर्ट्स) के संचालन को शीघ्र प्रारंभ करने के निर्देश देते हुए कहा कि इससे न केवल पर्यटकों की संख्या में वृद्धि होगी, बल्कि स्थानीय युवाओं के लिए रोजगार के नए अवसर भी सृजित होंगे। उन्होंने संबंधित विभागों को सुरक्षा मानकों का पूर्ण अनुपालन सुनिश्चित करते हुए आवश्यक व्यवस्थाएं शीघ्र पूर्ण करने को कहा।इसके अतिरिक्त, जिलाधिकारी ने झांकर सैम मंदिर के निकट प्रस्तावित ईकोलॉज हट्स के संचालन को प्राथमिकता के आधार पर प्रारंभ करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि इसके संचालन हेतु जल्द से जल्द टेंडर प्रक्रिया संपन्न कराकर कार्यवाही की जाए। इसी क्रम में भत्तरोजखान में निर्मित अतिथि गृह के संचालन को भी शीघ्र प्रारंभ करने के निर्देश देते हुए उन्होंने संबंधित अधिकारियों को व्यवस्थाओं को सुदृढ़ करने को कहा।बैठक में मल्ला महल को हेरिटेज वेडिंग डेस्टिनेशन के रूप में विकसित करने के संबंध में विस्तृत चर्चा की गई। जिलाधिकारी ने कहा कि ऐतिहासिक एवं सांस्कृतिक धरोहरों का संरक्षण करते हुए उनका उपयोग पर्यटन गतिविधियों में करना अत्यंत महत्वपूर्ण है। उन्होंने मल्ला महल का व्यापक स्तर पर प्रचार-प्रसार करने के निर्देश दिए, ताकि इसे राज्य एवं राष्ट्रीय स्तर पर एक आकर्षक वेडिंग एवं इवेंट डेस्टिनेशन के रूप में स्थापित किया जा सके।उन्होंने मल्ला महल में वेडिंग, सांस्कृतिक एवं धार्मिक आयोजनों के लिए प्रति कार्यक्रम 80,000 रुपये शुल्क निर्धारित करने के निर्देश दिए। साथ ही आयोजनों के सुचारु एवं पेशेवर संचालन के लिए एक योग्य एवं अनुभवी प्रबंधक की नियुक्ति सुनिश्चित करने को कहा, जिससे पर्यटकों एवं आयोजकों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराई जा सकें।बैठक में मानसखंड मंदिर माला मिशन के अंतर्गत संचालित कार्यों की भी समीक्षा की गई। जिलाधिकारी ने कहा कि यह योजना क्षेत्र के धार्मिक एवं आध्यात्मिक पर्यटन को नई दिशा देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को सभी कार्यों को गुणवत्ता एवं समयबद्धता के साथ पूर्ण करने के निर्देश दिए।जिलाधिकारी ने विशेष रूप से जागेश्वर धाम के मास्टर प्लान के कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर शीघ्र धरातल पर उतारने के कड़े निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि जागेश्वर क्षेत्र ऐतिहासिक, धार्मिक एवं पर्यटन की दृष्टि से अत्यंत महत्वपूर्ण है, इसलिए वहां की आधारभूत संरचना, यातायात व्यवस्था, पार्किंग, स्वच्छता एवं अन्य सुविधाओं को सुदृढ़ किया जाना आवश्यक है, ताकि पर्यटकों को बेहतर अनुभव प्राप्त हो सके।बैठक में संबंधित विभागों के अधिकारियों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करते हुए सभी योजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।जिलाधिकारी ने कहा कि पर्यटन क्षेत्र में योजनाबद्ध प्रयासों के माध्यम से जनपद अल्मोड़ा को एक प्रमुख एवं आकर्षक पर्यटन गंतव्य के रूप में विकसित किया जाएगा, जिससे क्षेत्रीय विकास को गति मिलने के साथ-साथ स्थानीय लोगों की आजीविका में भी सुधार होगा।बैठक में होटल एसोसिएशन के पदाधिकारी, नामित सदस्य, उप निदेशक पर्यटन प्रकाश सिंह खत्री समेत विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं प्रतिनिधि उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *