
अल्मोड़ा-राष्ट्रीय स्वच्छ गंगा मिशन,जल शक्ति मंत्रालय भारत सरकार एवं राज्य स्वच्छ गंगा मिशन,नमामि गंगे उत्तराखण्ड तथा योग विज्ञान विभाग सोबन सिंह जीना विश्वविद्यालय अल्मोड़ा के संयुक्त तत्वावधान में संचालित आओ हम सब योग करें अभियान का दसवां दिन उत्साह,ऊर्जा एवं जनसहभागिता के साथ सम्पन्न हुआ।अभियान के माध्यम से उत्तराखण्ड सहित देश के विभिन्न राज्यों में निःशुल्क योग शिविरों का आयोजन लगातार जारी है।12वें अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस 2026 की थीम स्वास्थ्य, ज्ञान व विश्व शांति के लिए योग के अंतर्गत संचालित इस अभियान में प्रतिदिन सैकड़ों लोग योग से जुड़ रहे हैं।प्रतिभागियों को सामान्य योग अभ्यासक्रम के साथ-साथ विभिन्न रोगों की रोकथाम एवं स्वास्थ्य संवर्धन हेतु विशेष योगाभ्यास कराया जा रहा है।
आज योग शिक्षक डॉ. गिरीश अधिकारी ने कर्नाटक खोला, अल्मोड़ा में संचालित योग शिविर का निरीक्षण किया।इस अवसर पर उन्होंने योग प्रशिक्षिका योगिता पंत द्वारा संचालित शिविर की गतिविधियों का अवलोकन किया तथा प्रतिभागियों से संवाद स्थापित किया। निरीक्षण के दौरान महिलाओं एवं बच्चों में योग के प्रति विशेष उत्साह देखने को मिला।स्थानीय महिलाओं ने बताया कि नियमित योगाभ्यास से उन्हें कमर दर्द,गर्दन दर्द,सिर दर्द एवं तनाव जैसी समस्याओं में उल्लेखनीय लाभ प्राप्त हुआ है। उन्होंने कहा कि शिविर प्रारंभ होने के बाद उनके स्वास्थ्य, दिनचर्या एवं मानसिक स्थिति में सकारात्मक परिवर्तन आया है तथा वे स्वयं को अधिक ऊर्जावान एवं स्वस्थ महसूस कर रही हैं।योग विज्ञान विभागाध्यक्ष डॉ नवीन चंद भट्ट ने कहा कि योग केवल शारीरिक व्यायाम नहीं,बल्कि सम्पूर्ण जीवन को संतुलित करने वाली वैज्ञानिक एवं आध्यात्मिक जीवन पद्धति है।उन्होंने कहा कि आज योग की आवश्यकता केवल भारत तक सीमित नहीं है,बल्कि सम्पूर्ण विश्व योग को स्वास्थ्य,मानसिक शांति एवं मानव कल्याण के प्रभावी माध्यम के रूप में स्वीकार कर रहा है।उन्होंने बताया कि आओ हम सब योग करें अभियान का उद्देश्य प्रत्येक घर तक योग पहुँचाना तथा स्वस्थ,जागरूक एवं आत्मनिर्भर समाज का निर्माण करना है।उन्होंने आगे कहा कि नमामि गंगे और योग दोनों ही जनजागरण के सशक्त माध्यम हैं।जिस प्रकार गंगा मानव जीवन को निर्मल बनाती है, उसी प्रकार योग मन, शरीर और आत्मा को शुद्ध एवं संतुलित करता है।अभियान के अंतर्गत मुरादाबाद,लखनऊ, दिल्ली कैंट,बागेश्वर,रानीखेत, बराकोट,लोहाघाट,धौलादेवी, खत्याड़ी,धारानौला,कर्नाटक खोला,दुगालखोला,विवेकानंद पुरी,नंदा देवी क्षेत्र तथा उत्तर प्रदेश के विभिन्न क्षेत्रों में प्रशिक्षुओं द्वारा नियमित योग शिविर संचालित किए जा रहे हैं, जहाँ बड़ी संख्या में महिलाएं, युवा, बच्चे एवं वरिष्ठ नागरिक योगाभ्यास कर रहे हैं।अभियान के सफल संचालन एवं निरीक्षण हेतु डॉ नवीन भट्ट, डॉ लल्लन कुमार सिंह, डॉ गिरीश अधिकारी तथा शोधार्थी दीपक सिंह एवं रक्षित पांडे निरंतर विभिन्न योग शिविरों का निरीक्षण कर प्रशिक्षुओं का मार्गदर्शन कर रहे हैं।उल्लेखनीय है कि आओ हम सब योग करें अभियान वर्ष 2015 से निरंतर संचालित किया जा रहा है।21 मई से 21 जून तक चलने वाले इस अभियान के माध्यम से उत्तराखण्ड सहित देश के विभिन्न क्षेत्रों में हजारों लोग लाभान्वित हो रहे हैं तथा योग, स्वास्थ्य,गंगा स्वच्छता एवं भारतीय संस्कृति का संदेश जन-जन तक पहुँचाया जा रहा है।
