
अल्मोड़ा-जौलजीबी मेले के सांस्कृतिक मंच पर धारचूला विधायक हरीश धामी द्वारा मुख्यमंत्री के प्रति कथित रूप से की गई अभद्र टिप्पणी का मामला अब तूल पकड़ता जा रहा है।विधायक की टिप्पणी को लेकर भारतीय जनता युवा मोर्चा अल्मोड़ा में खासा आक्रोश देखने को मिला।युवा मोर्चा के पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं ने वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अल्मोड़ा से मुलाकात कर उन्हें ज्ञापन सौंपा और पूरे प्रकरण में निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ नियमानुसार सख्त कानूनी कार्रवाई करने की मांग उठाई।युवा मोर्चा के कार्यकर्ताओं ने कहा कि जौलजीबी मेला उत्तराखंड की समृद्ध लोकसंस्कृति, लोकपरंपराओं और सामाजिक एकता का महत्वपूर्ण प्रतीक है। इस मेले में प्रदेश के विभिन्न क्षेत्रों से लोग पहुंचते हैं और सांस्कृतिक कार्यक्रमों के माध्यम से अपनी परंपराओं एवं विरासत का उत्सव मनाते हैं। ऐसे गरिमामय आयोजन के सार्वजनिक मंच से प्रदेश के मुख्यमंत्री के प्रति कथित अभद्र भाषा का प्रयोग किया जाना दुर्भाग्यपूर्ण है।उन्होंने कहा कि सांस्कृतिक मंचों की अपनी गरिमा होती है और वहां से समाज को सकारात्मक संदेश जाना चाहिए।कार्यकर्ताओं ने कहा कि लोकतांत्रिक व्यवस्था में प्रत्येक जनप्रतिनिधि को अपनी बात रखने और सरकार की नीतियों की आलोचना करने का पूरा अधिकार है, लेकिन आलोचना और व्यक्तिगत टिप्पणी के बीच अंतर बनाए रखना भी आवश्यक है। जनप्रतिनिधियों का आचरण और उनकी भाषा समाज के लिए एक उदाहरण प्रस्तुत करते हैं। ऐसे में सार्वजनिक जीवन में पदों की गरिमा, भाषा की मर्यादा और सामाजिक सौहार्द का विशेष ध्यान रखा जाना चाहिए।
युवा मोर्चा ने पुलिस प्रशासन से मांग की कि पूरे घटनाक्रम की गंभीरता से जांच की जाए। मेले में हुए घटनाक्रम से संबंधित उपलब्ध वीडियो फुटेज,प्रत्यक्षदर्शियों के बयान और अन्य साक्ष्यों के आधार पर वास्तविक तथ्यों को सामने लाया जाए,ताकि किसी भी प्रकार की राजनीतिक पक्षधरता या दबाव के बिना निष्पक्ष कार्रवाई हो सके।ज्ञापन में यह भी कहा गया कि सार्वजनिक मंचों पर इस तरह की घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए प्रशासन को आवश्यक कदम उठाने चाहिए।युवा मोर्चा ने स्पष्ट किया कि उनकी मांग किसी राजनीतिक द्वेष से प्रेरित नहीं, बल्कि सार्वजनिक जीवन में मर्यादा और कानून के सम्मान को बनाए रखने से जुड़ी है। उन्होंने पुलिस प्रशासन से मामले में शीघ्र संज्ञान लेकर नियमानुसार कार्रवाई सुनिश्चित करने की अपील की।ज्ञापन सौंपने वालो में भाजयुमो जिलाध्यक्ष पंकज भाकुनी, भाजयुमो जिला महामंत्री चंदन बहुगुणा, भाजयुमो प्रदेश प्रवक्ता नमन गुरुरानी,आशीष जोशी,दिव्या जोशी,मोहित बिष्ट,गिरीश पांडेय,नीरज सांगा,अभिषेक तिवारी,हर्षित बिष्ट,वेदांश भकुनी,पंकज रौतेला,सूरज मेहरा,अतुल मेहरा,अनुनय पांडेय,रिंकू सिंह आदि शामिल रहे।
