










अल्मोड़ा-अल्मोड़ा जिला सहकारी बैंक की 53वीं वार्षिक सामान्य निकाय की बैठक सोमवार को बैंक अध्यक्ष मिली लटवाल की अध्यक्षता में आयोजित की गई। बैठक में बैंक की वित्तीय प्रगति, आय-व्यय के बजट और आगामी कार्ययोजना पर चर्चा की गई। इस दौरान बैंक के निक्षेप, अग्रिम, विनियोजन और शुद्ध लाभ में पिछले तीन वर्षों के दौरान हुई वृद्धि का ब्यौरा प्रस्तुत किया गया। साथ ही नागचुलाखाल, कुंवाली और चमड़खान में बैंक की तीन नई शाखाएं खोलने की जानकारी दी गई। बैठक में अध्यक्ष मिली लटवाल ने वित्तीय वर्ष 2023-24, 2024-25 और 2025-26 के वित्तीय संतुलन पत्र, पिछले वर्षों की तुलनात्मक प्रगति के आंकड़े, आगामी वर्ष का आय-व्यय बजट और भावी कार्यक्रम प्रस्तुत किए। उन्होंने बताया कि बैंक का निक्षेप वर्ष 2023-24 में 87980.06 लाख रुपये था, जो वर्ष 2025-26 में बढ़कर 103621.43 लाख रुपये हो गया। इसी तरह बैंक का कुल अग्रिम 37796.18 लाख रुपये से बढ़कर 48345.01 लाख रुपये और कुल विनियोजन 72217.35 लाख रुपये से बढ़कर 85488 लाख रुपये हो गया। बैंक के शुद्ध लाभ में भी उल्लेखनीय वृद्धि दर्ज की गई है। वर्ष 2023-24 में बैंक का शुद्ध लाभ 710.43 लाख रुपये था, जो वर्ष 2025-26 में बढ़कर 1001.20 लाख रुपये पहुंच गया। अध्यक्ष ने बताया कि बैंक की तीन नई शाखाएं नागचुलाखाल, कुंवाली और चमड़खान में खोली जाएंगी। इसके लिए भारतीय रिजर्व बैंक से स्वीकृति मिल चुकी है। बैठक में बैंक संचालक मंडल की उपाध्यक्ष डॉ. भावना जोशी, संचालक हृदयेश मेहरा, विनीत बिष्ट, नीमा देवी, पुष्पा भाकुनी, विमला देवी, गणेश सिंह, महेश चंद्र सिंह, हरीश सिंह, नरेंद्र राम, मोहन सिंह सिंगवाल, विक्रम सिंह और निवर्तमान अध्यक्ष ललित मोहन सिंह लटवाल मौजूद रहे। बैंक के सचिव एवं महाप्रबंधक मनोहर सिंह भंडारी, अल्मोड़ा एवं बागेश्वर के जिला सहायक निबंधक, नाबार्ड के डीडीएम तथा बैंक के प्रतिनिधि भी बैठक में शामिल हुए। कार्यक्रम का संचालन अनुभाग अधिकारी भूपेंद्र बिष्ट ने किया। इस अवसर पर भाजपा जिलाध्यक्ष महेश नयाल, नगर निगम के महापौर अजय वर्मा, गंगा बिष्ट, गोविंद सिंह पिलख्वाल, एके सिकंदर पवार, रघुनाथ सिंह चौहान, कैलाश शर्मा, रवि रौतेला, बिट्टू कर्नाटक, नवीन बिष्ट, हरीश कनवाल, प्रेम लटवाल, मंगल रावत सहित अन्य जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे। बैंक के उप महाप्रबंधक बलवीर सिंह पुंडीर, भावना भट्ट तथा अधिकारी-कर्मचारी भी बैठक में मौजूद रहे।
