अल्मोड़ा-जिलाधिकारी अंशुल सिंह ने सोमवार को नगर क्षेत्र के विभिन्न स्थानों का निरीक्षण कर सफाई व्यवस्था, पार्किंग प्रबंधन और सार्वजनिक सुविधाओं का जायजा लिया। शिखर तिराहे स्थित नगर पालिका पार्किंग में अव्यवस्था, वाहनों की बेतरतीब पार्किंग और गंदगी मिलने पर उन्होंने नाराजगी जताई। जिलाधिकारी ने नगर आयुक्त को पार्किंग संचालक को नोटिस जारी करने और व्यवस्थाओं में तत्काल सुधार कराने के निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने टैक्सी स्टैंड तिराहे स्थित पार्किंग से खोल्टा की ओर जाने वाले सीढ़ी मार्ग का जायजा लिया। यहां पानी की पाइपलाइन में रिसाव, गंदगी और आसपास झाड़ियां उगी मिलीं। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को पाइपलाइन का रिसाव तत्काल ठीक कराने, सीढ़ी मार्ग की सफाई कराने और झाड़ियों का कटान करने के निर्देश दिए। इसके बाद उन्होंने टैक्सी स्टैंड तिराहे के समीप स्थित पार्किंग का निरीक्षण किया। पार्किंग के नीचे खुले हिस्से को सुरक्षित तरीके से बंद कराने के निर्देश दिए। साथ ही वहां उपलब्ध खाली स्थान का जनहित में उपयोग करने के लिए कार्ययोजना तैयार करने को कहा। जिलाधिकारी ने पशु अधिकार कार्यकर्ता कामिनी कश्यप द्वारा संचालित डॉग शेल्टर का भी निरीक्षण किया। उन्होंने शेल्टर परिसर और आसपास की व्यवस्थाओं का जायजा लेते हुए झाड़ियों का कटान कराने तथा साफ-सफाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। शिखर तिराहे स्थित नगर पालिका पार्किंग के निरीक्षण के दौरान अव्यवस्थित ढंग से खड़े वाहन और गंदगी मिलने पर जिलाधिकारी ने कड़ी नाराजगी जताई। उन्होंने नगर आयुक्त सीमा विश्वकर्मा को पार्किंग संचालक को नोटिस देने के निर्देश दिए। साथ ही वाहनों को निर्धारित तरीके से खड़ा कराने और परिसर में व्यापक सफाई सुनिश्चित करने को कहा। उन्होंने कहा कि पार्किंग में उपलब्ध स्थान का अधिकतम उपयोग होना चाहिए, ताकि आम लोगों को परेशानी न हो। जिलाधिकारी ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि नगर क्षेत्र में स्वच्छता, पार्किंग व्यवस्था और सार्वजनिक सुविधाओं के रखरखाव में किसी तरह की लापरवाही न बरती जाए। निरीक्षण के दौरान सामने आई कमियों को प्राथमिकता से दूर करने के साथ ही सार्वजनिक स्थलों की नियमित निगरानी भी सुनिश्चित की जाए। निरीक्षण के दौरान नगर आयुक्त सीमा विश्वकर्मा, उपजिलाधिकारी संजय कुमार, पशु अधिकार कार्यकर्ता कामिनी कश्यप, पार्षद अमित साह, अभिषेक जोशी और कृष्ण बहादुर सहित संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *