अल्मोड़ा-उत्तरांचल फेडरेशन ऑफ मिनिस्ट्रीयल सर्विसेज एसोसिएशन जनपद अल्मोड़ा ने मिनिस्ट्रीयल कार्मिकों की लंबित 12 सूत्रीय मांगों के निराकरण की मांग को लेकर गुरुवार को कैबिनेट मंत्री, खादी एवं ग्रामोद्योग ग्राम्य विकास एवं एमएसएमई विभाग उत्तराखंड सरकार भरत चौधरी को ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन पूर्व दर्जा राज्य मंत्री एवं वरिष्ठ भाजपा नेता बिट्टू कर्नाटक के माध्यम से कैबिनेट मंत्री और मुख्यमंत्री को प्रेषित किया गया।संगठन ने कनिष्ठ सहायकों का ग्रेड वेतन 2000 से बढ़ाकर 2800 किए जाने, मिनिस्ट्रीयल संवर्ग का पुनर्गठन कर पर्याप्त पद सृजित करने,कॉमन सेवा नियमावली लागू करने तथा सेवा नियमों में व्यावहारिक संशोधन की मांग की।इसके अलावा गोल्डन कार्ड एवं उपचार देयकों का समयबद्ध लाभ देने,एसीपी/एमएसीपी एवं लंबित पदोन्नतियां समय पर किए जाने,पुरानी पेंशन बहाली की दिशा में कार्यवाही करने तथा सेवा विसंगतियों का निराकरण करने की मांग भी उठाई गई।इस दौरान बिट्टू कर्नाटक ने कहा कि मिनिस्ट्रीयल कार्मिकों की न्यायोचित मांगों को लेकर वह व्यक्तिगत रूप से कैबिनेट मंत्री और मुख्यमंत्री से वार्ता करेंगे।उन्होंने कार्मिकों को आश्वस्त किया कि मांगों के शीघ्र निराकरण के लिए हरसंभव प्रयास किया जाएगा।जनपद अध्यक्ष ललित मोहन भट्ट ने कहा कि कर्मचारियों को विश्वास है कि उनकी जायज मांगों पर सरकार शीघ्र सकारात्मक निर्णय लेगी।वहीं महामंत्री महेंद्र सिंह गुसाईं ने कहा कि कार्मिक सरकार के निर्णय की प्रतीक्षा कर रहे हैं।उन्होंने कहा कि यदि मांगों पर शीघ्र निर्णय नहीं लिया गया तो संगठन को चरणबद्ध आंदोलन के लिए बाध्य होना पड़ेगा।कुमाऊं मंडल अध्यक्ष ने भी शासन से मांगों पर जल्द निर्णय लेने की अपील की।पूर्व दर्जा राज्य मंत्री एवं वरिष्ठ भाजपा नेता बिट्टू कर्नाटक ने कहा कि मिनिस्ट्रीयल कार्मिकों की मांगें लंबे समय से लंबित हैं और इनमें से अधिकांश मांगें न्यायोचित एवं कर्मचारी हित से जुड़ी हुई हैं। उन्होंने कहा कि कर्मचारियों की समस्याओं को गंभीरता से लेते हुए वह स्वयं कैबिनेट मंत्री एवं मुख्यमंत्री से वार्ता करेंगे और मांगों के शीघ्र समाधान के लिए प्रभावी पैरवी करेंगे। उन्होंने कहा कि कर्मचारियों को अपनी जायज मांगों के लिए आंदोलन की स्थिति में न जाना पड़े, इसके लिए सरकार स्तर पर सकारात्मक पहल होनी चाहिए। कार्मिकों की समस्याओं का समयबद्ध समाधान होने से कर्मचारी भी पूरी निष्ठा के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन कर सकेंगे।ज्ञापन देने वालों में ललित मोहन भट्ट, महेंद्र गुसाईं, दीप चंद्र, दीपक कुमार पांडे, टीएस थापा, प्रेम सिंह, रेनू सिंह, अभिषेक धपोला, लीला भट्ट, टीना पलड़रिया, गीता बिष्ट, राकेश मोहन, दीपा कुमारी, पंकज कुमार जोशी, गोविंद सिंह अलमिया, ललित मोहन लोहनी, मनोज सिंह मटियानी, मनीष तिवारी, भूपेंद्र सिंह बिष्ट, महेश कुमार, भगवत सतवाल, तनुज बिष्ट, सुरेश आदि मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *