अल्मोड़ा-पूर्व दर्जा मंत्री एवं भाजपा नेता बिट्टू कर्नाटक ने जिला चिकित्सालय अल्मोड़ा के स्थानांतरण को लेकर कांग्रेस की ओर से दिए जा रहे बयानों पर तीखा पलटवार किया है। श्री कर्नाटक ने कांग्रेस पर जनता को भ्रमित करने और विकास के मुद्दों पर अनावश्यक राजनीति करने का आरोप लगाते हुए कहा कि कांग्रेस अपनी जनविरोधी नीतियों और लगातार कमजोर होते जनाधार के कारण बहुत जल्द म्यूजियम में रखने लायक पार्टी बन जाएगी।बिट्टू कर्नाटक ने कहा कि जिला चिकित्सालय के स्थानांतरण को लेकर कांग्रेस द्वारा जिस तरह से अफवाहें फैलाकर जनता में भ्रम की स्थिति पैदा करने का प्रयास किया गया वह दुर्भाग्यपूर्ण है, उन्होंने कहा कि सरकार की ओर से स्पष्ट किया जा चुका है कि जिला चिकित्सालय को स्थानांतरित करने का कोई निर्णय नहीं लिया गया है, इसके बावजूद कांग्रेस इस विषय को राजनीतिक रंग देकर जनता को गुमराह करने का प्रयास कर रही है।उन्होंने कहा कि कांग्रेस को यदि वास्तव में अल्मोड़ा की जनता की चिंता है तो उसे आरोप-प्रत्यारोप और भ्रम फैलाने के बजाय स्वास्थ्य सुविधाओं को बेहतर बनाने के लिए रचनात्मक विपक्ष की भूमिका निभानी चाहिए।कर्नाटक ने कहा कि राज्य सरकार लगातार सड़क,स्वास्थ्य,शिक्षा,पेयजल और अन्य मूलभूत सुविधाओं के क्षेत्र में काम कर रही है और जनता इन विकास कार्यों को देख रही है।आगामी विधानसभा चुनाव को लेकर भी बिट्टू कर्नाटक ने बड़ा दावा किया। उन्होंने कहा कि 2027 के विधानसभा चुनाव में भाजपा विकास कार्यों, जनहित की नीतियों,मजबूत संगठन और कार्यकर्ताओं की मेहनत के दम पर उत्तराखंड में भारी बहुमत से सरकार बनाएगी।उन्होंने दावा किया कि अल्मोड़ा जिले की सभी छह विधानसभा सीटों पर भाजपा का परचम लहराएगा।कर्नाटक ने कहा कि कांग्रेस के पास न तो जनता के बीच बताने के लिए कोई ठोस उपलब्धि है और न ही भविष्य को लेकर कोई स्पष्ट नीति, यही कारण है कि कांग्रेस लगातार ऐसे मुद्दों को हवा देने का प्रयास कर रही है, जिनसे जनता को भ्रमित किया जा सके।उन्होंने कहा कि 2027 में कांग्रेस की स्थिति इतनी कमजोर होगी कि वह दहाई की संख्या में भी विधानसभा सीटें नहीं ला पाएगी। उन्होंने कहा कि भाजपा कार्यकर्ता संगठन को बूथ स्तर तक और मजबूत करने तथा सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं एवं विकास कार्यों को जनता तक पहुंचाने का कार्य कर रहे हैं जिससे बलबूते 2027 में लगातार तीसरी बार उत्तराखंड राज्य में भाजपा की सरकार बनेगी।बिट्टू कर्नाटक ने कहा कि उत्तराखंड की जनता ने भाजपा सरकार के विकास और सुशासन को देख रही है और आगामी चुनाव में जनता एक बार फिर भाजपा के पक्ष में अपना विश्वास व्यक्त करेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *