हल्द्वानी-पूर्व दर्जा मंत्री एवं वरिष्ठ भाजपा नेता बिट्टू कर्नाटक ने हल्द्वानी में भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश महामंत्री तरुण बंसल से शिष्टाचार भेंट की। इस दौरान दोनों नेताओं के बीच संगठनात्मक गतिविधियों, सामाजिक सरोकारों, उत्तराखंड के समग्र विकास तथा प्रदेश की वर्तमान राजनीतिक परिस्थितियों पर विस्तार से चर्चा हुई।बैठक के दौरान बिट्टू कर्नाटक ने अल्मोड़ा सहित कुमाऊं क्षेत्र में संगठन को और अधिक मजबूत बनाने, कार्यकर्ताओं के साथ नियमित संवाद बनाए रखने तथा केंद्र एवं राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं को अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने के लिए प्रभावी रणनीति पर अपने विचार साझा किए। उन्होंने कहा कि भारतीय जनता पार्टी सेवा, सुशासन और संगठन के मूल मंत्र के साथ समाज के प्रत्येक वर्ग के बीच निरंतर कार्य कर रही है तथा कार्यकर्ताओं की सक्रिय भागीदारी से संगठन लगातार मजबूत हो रहा है।प्रदेश महामंत्री तरुण बंसल ने भी संगठन की मजबूती में कार्यकर्ताओं की भूमिका को महत्वपूर्ण बताते हुए कहा कि भाजपा का प्रत्येक कार्यकर्ता पार्टी की सबसे बड़ी ताकत है,उन्होंने प्रदेशभर में संगठनात्मक गतिविधियों को और अधिक प्रभावी बनाने तथा समाज के विभिन्न वर्गों के साथ समन्वय स्थापित कर जनसेवा के कार्यों को गति देने पर बल दिया।बैठक में सामाजिक क्षेत्र से जुड़े विषयों पर भी गंभीर चर्चा हुई। बिट्टू कर्नाटक ने कहा कि समाज के अंतिम पंक्ति में खड़े व्यक्ति तक विकास का लाभ पहुंचाना भाजपा की प्राथमिकता है। उन्होंने युवाओं, महिलाओं और ग्रामीण क्षेत्रों के उत्थान के लिए संचालित योजनाओं को और अधिक प्रभावी ढंग से क्रियान्वित करने की आवश्यकता पर जोर दिया।इस अवसर पर प्रदेश और विशेष रूप से कुमाऊं मंडल के राजनीतिक परिदृश्य पर भी विचार-विमर्श हुआ। दोनों नेताओं ने आगामी संगठनात्मक कार्यक्रमों, जनसंपर्क अभियानों तथा कार्यकर्ताओं के प्रशिक्षण कार्यक्रमों को लेकर भी चर्चा की। साथ ही जनभावनाओं के अनुरूप विकास कार्यों को गति देने और जनता के बीच पार्टी की नीतियों को प्रभावी ढंग से पहुंचाने पर सहमति बनी।भेंट के उपरांत बिट्टू कर्नाटक ने कहा कि प्रदेश नेतृत्व के मार्गदर्शन में संगठन को बूथ स्तर तक और अधिक सशक्त बनाने के लिए लगातार कार्य किया जाएगा। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि भाजपा सरकार की जनहितकारी नीतियों एवं संगठन की सक्रिय कार्यशैली से प्रदेश में विकास का अभियान निरंतर आगे बढ़ता रहेगा। वहीं तरुण बंसल ने भी संगठन के प्रति बिट्टू कर्नाटक की सक्रियता और जनसेवा के प्रति उनकी प्रतिबद्धता की सराहना करते हुए उन्हें भविष्य के लिए शुभकामनाएं दीं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *