


अल्मोड़ा-उत्तराखंड की होनहार बैडमिंटन खिलाड़ी एवं अल्मोड़ा जनपद के द्वाराहाट विकासखंड के धनखल गांव निवासी अदिति भट्ट ने एक बार फिर शानदार प्रदर्शन करते हुए राष्ट्रीय स्तर पर उत्तराखंड का गौरव बढ़ाया है। केरल के कोचीन में 7 से 14 जुलाई तक आयोजित योनेक्स सनराइज ऑल इंडिया सीनियर रैंकिंग बैडमिंटन टूर्नामेंट में अदिति ने महिला युगल वर्ग का खिताब अपने नाम कर प्रदेश को गौरवान्वित किया।अदिति भट्ट ने महाराष्ट्र की श्रावणी वालेकर के साथ जोड़ी बनाकर पूरे टूर्नामेंट में शानदार खेल का प्रदर्शन किया। क्वार्टर फाइनल में इस जोड़ी ने केरल की मेहरीन रिजा और उत्तर प्रदेश की अमोलिका सिंह की जोड़ी को 15-13, 18-16 से पराजित कर सेमीफाइनल में प्रवेश किया।सेमीफाइनल में अदिति और श्रावणी की जोड़ी ने कर्नाटक की कनिका श्री एस और तमिलनाडु की आद्या वारियथ की जोड़ी को रोमांचक मुकाबले में 10-15, 15-12, 15-8 से हराकर फाइनल का टिकट हासिल किया।फाइनल मुकाबले में उन्होंने टूर्नामेंट की शीर्ष वरीयता प्राप्त कर्नाटक की शिखा गौतम और अश्विनी भट्ट की जोड़ी को कड़े संघर्ष में 12-15, 15-13, 15-11 से हराकर महिला युगल का खिताब अपने नाम कर लिया।अदिति भट्ट अंतरराष्ट्रीय स्तर की बैडमिंटन खिलाड़ी हैं और कई अवसरों पर भारत का प्रतिनिधित्व कर चुकी हैं। वर्तमान में वह बेंगलुरु में प्रशिक्षण प्राप्त कर रही हैं। उनके पिता एम.सी. भट्ट पंजाब नेशनल बैंक में कार्यरत हैं, जबकि उनकी माता गृहिणी हैं। अदिति लगातार राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए उत्तराखंड और देश का नाम रोशन कर रही हैं।अदिति की इस शानदार उपलब्धि पर उत्तराखंड बैडमिंटन संघ के मुख्य संरक्षक एवं पूर्व पुलिस महानिदेशक अशोक कुमार, संघ की अध्यक्षा डॉ. अलकनंदा अशोक, सचिव बी.एस. मनकोटी, कोषाध्यक्ष रामावतार अग्रवाल तथा जिला बैडमिंटन संघ अल्मोड़ा के अध्यक्ष सुरेश कर्नाटक, उपाध्यक्ष गोकुल सिंह मेहता, राकेश जायसवाल, सचिव डॉ. संतोष बिष्ट, उप सचिव संजय नज्जौन, डी.के. जोशी, नंदन रावत सहित उत्तराखंड और अल्मोड़ा बैडमिंटन संघ के पदाधिकारियों, खिलाड़ियों एवं खेल प्रेमियों ने प्रसन्नता व्यक्त करते हुए अदिति को बधाई और उज्ज्वल भविष्य के लिए शुभकामनाएं दी हैं।
