अल्मोड़ा-अल्मोड़ा दुग्ध संघ के प्रधान प्रबंधक पुष्कर सिंह नगरकोटी के स्थानांतरण को लेकर कर्मचारियों का विरोध लगातार तेज होता जा रहा है। आंदोलन के तीसरे दिन शुक्रवार को कर्मचारियों ने सामूहिक त्यागपत्र सौंपते हुए शासन और प्रबंधन के खिलाफ नाराजगी जताई। दुग्ध संघ कर्मचारी संगठन के बैनर तले पातालदेवी स्थित फैक्ट्री गेट पर कर्मचारियों और दुग्ध समितियों से जुड़े उत्पादकों, समिति पदाधिकारियों ने धरना-प्रदर्शन तथा कार्य बहिष्कार किया। इस दौरान कर्मचारियों ने स्थानांतरण आदेश के विरोध में नारेबाजी की और आरोप लगाया कि अल्मोड़ा दुग्ध संघ को अस्थिर करने का प्रयास किया जा रहा है। उनका कहना था कि नए बोर्ड के दो वर्ष के कार्यकाल में चार प्रधान प्रबंधकों का स्थानांतरण किया जा चुका है। कर्मचारियों ने सातवें वेतनमान का लाभ नहीं मिलने तथा वर्ष 2019 से लंबित छठे वेतनमान के महंगाई भत्ते का भुगतान नहीं होने पर भी नाराजगी व्यक्त की। उनका कहना था कि महंगाई भत्ते की मांग उठाने पर संस्था के घाटे का हवाला देकर मामला टाल दिया जाता है। कर्मचारियों ने पूर्व में चेतावनी दी थी कि यदि प्रधान प्रबंधक का स्थानांतरण आदेश 19 जून तक निरस्त नहीं किया गया तो वे सामूहिक इस्तीफा देंगे। मांग पूरी नहीं होने पर कर्मचारियों ने शुक्रवार सायं प्रधान प्रबंधक को सामूहिक त्यागपत्र सौंप दिया। त्यागपत्र में कर्मचारियों ने आरोप लगाया कि प्रबंधन और शासन की नीतियों के कारण उन्हें आर्थिक शोषण और मानसिक उत्पीड़न का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने शासन से स्वीकृत महंगाई भत्ते का भुगतान सुनिश्चित करने की मांग भी की है। कर्मचारियों ने कहा है कि यदि उनकी मांगों पर विचार नहीं किया गया तो कार्य प्रभावित होने की पूरी जिम्मेदारी प्रबंधन और प्रबंध निदेशक की होगी। सामूहिक त्यागपत्र देने वालों में शिवशंकर सिंह बोरा, बलवन्त सिंह रावत, राजेन्द्र कुमार काण्डपाल, शेर सिंह बिष्ट, कमला बिष्ट, लाल सिंह, अरुण नगरकोटी, केवलानन्द पपनै, प्रेम सिंह बिष्ट, कैलाश तिवारी, उत्तम सिंह, कौशर जहां खान, दया टाकुली, कल्पना बिष्ट, मुकेश सत्यवली समेत 21 कार्मिक शामिल हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *