अल्मोड़ा-लंबित मांगों के समाधान की मांग को लेकर देवभूमि उत्तराखंड सफाई कर्मचारी संघ का धरना-प्रदर्शन शुक्रवार को दूसरे दिन भी जारी रहा। नगर निगम परिसर में संघ के पदाधिकारियों और कर्मचारियों ने शासन-प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी कर नाराजगी जताई। धरना स्थल पर वक्ताओं ने कहा कि पूर्व में मांगों के निराकरण को लेकर प्रदेशव्यापी आंदोलन किया गया था, जिसके बाद मुख्यमंत्री ने समस्याओं के समाधान का आश्वासन देते हुए एक समिति का गठन किया था। उन्होंने आरोप लगाया कि अब तक समिति की सिफारिशों को लागू नहीं किया गया है, जिससे कर्मचारियों में रोष व्याप्त है। संघ पदाधिकारियों ने कहा कि उनकी मांगों में केवल वन टाइम सेटलमेंट और सफाई कर्मचारियों के बीमा संबंधी मांग को ही स्वीकार किया गया है, जबकि अन्य लंबित मांगों पर अब तक कोई कार्रवाई नहीं हुई है। उन्होंने सरकार से सभी लंबित समस्याओं का शीघ्र समाधान करने तथा समिति की सिफारिशों को तत्काल लागू करने की मांग की। कर्मचारियों ने चेतावनी दी कि यदि जल्द मांगों का निराकरण नहीं किया गया तो प्रदेशभर के सफाई कर्मचारी उग्र आंदोलन शुरू करने को बाध्य होंगे। धरना-प्रदर्शन में प्रदेश महामंत्री राजपाल पवार, शाखा अध्यक्ष दीपक चंदेल, राजेश टांक, राजेंद्र पवार, बंटी, प्रदीप कुमार, अशोक पवार सहित अन्य कर्मचारी मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *