

अल्मोड़ा-ललिता बिनवाल स्मारक समिति द्वारा शुक्रवार को होटल शिवालिक में वर्ष 2025-26 की बोर्ड परीक्षाओं में अपने-अपने विद्यालयों में कक्षा 10 एवं 12 में प्रथम एवं द्वितीय स्थान प्राप्त करने वाली छात्राओं का सम्मान समारोह आयोजित किया गया।इस दौरान विभिन्न विद्यालयों की आर्थिक रूप से कमजोर छात्राओं को भी नगद सहायता प्रदान की गई।कार्यक्रम में एक्सटेम्पोर स्पीच एवं सोशल इंटेलिजेंस टेस्ट प्रतियोगिताएं भी आयोजित की गईं।स्पीच प्रतियोगिता में संजना टम्टा प्रथम,साक्षी मेहता द्वितीय एवं निहारिका तृतीय रहीं,जबकि सोशल इंटेलिजेंस टेस्ट में कृतिका जोशी प्रथम,दीपिका पिलख्वाल द्वितीय तथा हर्षिता पांडे तृतीय स्थान पर रहीं।समिति ने विवेकानंद बालिका विद्या मंदिर की प्रधानाचार्या गोदावरी चतुर्वेदी तथा मानस पब्लिक स्कूल की प्रधानाचार्या मंजू बिष्ट को शिक्षा एवं सामाजिक क्षेत्र में योगदान के लिए सम्मानित किया।मुख्य अतिथि पूर्व प्रधानाचार्य गोपाल सिंह मेहता ने छात्राओं को सफलता के गुर बताए।कार्यक्रम में राष्ट्रीय ताइक्वांडो निर्णायक एवं कोच कमल बिष्ट सहित अनेक गणमान्य लोग उपस्थित रहे।कार्यक्रम का संचालन समिति के अध्यक्ष गिरीश चंद्र मल्होत्रा एवं सचिव कैलाश चंद्र छिम्वाल ने संयुक्त रूप से किया।
