
अल्मोड़ा-राष्ट्रीय स्वच्छ गंगा मिशन,जल शक्ति मंत्रालय भारत सरकार एवं राज्य स्वच्छ गंगा मिशन,नमामि गंगे उत्तराखण्ड के संयुक्त तत्वावधान तथा सोबन सिंह जीना विश्वविद्यालय अल्मोड़ा के योग विज्ञान विभाग द्वारा संचालित आओ हम सब योग करें निःशुल्क अभियान का 24वां दिन व्यापक जनसहभागिता और उत्साह के साथ सम्पन्न हुआ।12वें अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस 2026 की थीम स्वास्थ्य,ज्ञान व विश्व शांति के लिए योग के अंतर्गत संचालित इस अभियान के माध्यम से उत्तराखण्ड सहित देश के विभिन्न राज्यों में योग विज्ञान विभाग के प्रशिक्षुओं द्वारा विद्यालयों,ग्रामों,मोहल्लों एवं नगर क्षेत्रों में निरंतर निःशुल्क योग शिविर आयोजित किए जा रहे हैं।इस अभियान के संरक्षक एवं योग विज्ञान विभागाध्यक्ष डॉ नवीन चंद भट्ट ने कहा कि आज के समय में योग केवल स्वास्थ्य का साधन नहीं,बल्कि जीवन की चुनौतियों से संतुलित रूप से निपटने की एक प्रभावशाली जीवन-पद्धति है।उन्होंने कहा कि वर्तमान समय में बढ़ती मानसिक अशांति,तनाव और असंतुलित जीवनशैली के बीच योग ही वह माध्यम है जो व्यक्ति को भीतर से मजबूत बनाता है।उनका मानना है कि यदि योग को दैनिक जीवन में अपनाया जाए तो व्यक्ति,परिवार और समाज तीनों स्तरों पर सकारात्मक परिवर्तन संभव है।उन्होंने यह भी कहा कि आओ हम सब योग करें अभियान केवल एक कार्यक्रम नहीं,बल्कि स्वस्थ भारत के निर्माण का जनआंदोलन बनता जा रहा है।अभियान के अंतर्गत सरस्वती बाल विद्या निकेतन,सरस्वती शिशु मंदिर शिवाजी नगर खोल्टा,एडम्स गर्ल्स इंटर कॉलेज अल्मोड़ा,आयुष आयुर्वेदिक हॉस्पिटल सेल अल्मोड़ा,राजकीय इंटर कॉलेज अल्मोड़ा,न्यू इंस्पिरेशन पब्लिक स्कूल,विवेकानंद बालिका इंटर कॉलेज अल्मोड़ा,जीजीआईसी अल्मोड़ा,आर्य कन्या विद्यालय सहित अनेक विद्यालयों में योग शिविर आयोजित किए गए।साथ ही धामस,श्यालीधार, पलना बैंड,खत्याड़ी,बराकोट, पहल,धारानौला,कर्बला,बलटा, सिरनी रानीखेत,चामी धौलादेवी,अलीगंज लखनऊ, दिल्ली कैंट,फतेहगढ़ उत्तर प्रदेश एवं मुरादाबाद सहित अनेक स्थानों पर भी योग शिविरों का सफल संचालन किया गया।इसी क्रम में अभियान के वरिष्ठ प्रशिक्षक डॉ गिरीश अधिकारी द्वारा आज अनेक योग केंद्रों एवं विद्यालयों का निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने बताया कि विभिन्न स्थानों पर प्रशिक्षुओं द्वारा अत्यंत अनुशासित एवं प्रभावी रूप से योग शिविरों का संचालन किया जा रहा है।उन्होंने कहा कि समाज में योग के प्रति बढ़ती जागरूकता यह दर्शाती है कि लोग अब स्वास्थ्य के प्रति अधिक सजग हो रहे हैं।उन्होंने प्रशिक्षुओं के समर्पण एवं नियमित प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि यह अभियान आने वाले समय में और अधिक व्यापक रूप लेगा।
इसी क्रम में अभियान की गुणवत्ता एवं नियमित संचालन की समीक्षा हेतु हेमलता अवस्थी,डॉ. ललन कुमार, शोधार्थी दीपक एवं रक्षित पांडे भी विभिन्न योग केंद्रों में पहुँचकर नियमित योग कक्षाओं का जायजा ले रहे हैं।उन्होंने प्रशिक्षुओं के कार्यों की सराहना करते हुए कहा कि यह अभियान समाज में स्वास्थ्य जागरूकता फैलाने और योग को जन-जन तक पहुँचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा है।
योग शिविरों में बच्चों,युवाओं, महिलाओं एवं वरिष्ठ नागरिकों ने बढ़-चढ़कर सहभागिता की और नियमित योगाभ्यास का संकल्प लिया।अभियान के माध्यम से लोगों को स्वस्थ जीवनशैली,मानसिक शांति, सकारात्मक ऊर्जा,गंगा स्वच्छता एवं भारतीय सांस्कृतिक मूल्यों से जुड़ने का संदेश दिया जा रहा है।उल्लेखनीय है कि आओ हम सब योग करें अभियान 21 मई से 21 जून तक निरंतर संचालित किया जा रहा है जिसके माध्यम से हजारों लोग लाभान्वित हो रहे हैं।
