
अल्मोड़ा-उत्तराखंड राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण नैनीताल के निर्देशन तथा जिला विधिक सेवा प्राधिकरण अल्मोड़ा के अध्यक्ष श्रीकांत पाण्डेय के मार्गदर्शन में सचिव जिला विधिक सेवा प्राधिकरण अल्मोड़ा अनामिका सिंह द्वारा विश्व बुजुर्ग दुर्व्यवहार जागरूकता दिवस एवं नालसा वरिष्ठजन अधिकार,सशक्तिकरण एवं गरिमा योजना-2025 के तहत अति दूरस्थ एवं दुर्गम क्षेत्र स्थित जागनाथ इंटर कॉलेज सौकियाथल में विधिक जागरूकता शिविर का आयोजन किया गया।शिविर का शुभारंभ नालसा के थीम गीत एक मुठ्ठी आसमान के साथ किया गया।इस अवसर पर विद्यार्थियों को वरिष्ठ नागरिकों के कानूनी अधिकारों,उनके संरक्षण, उपेक्षा एवं शोषण से बचाव, गरिमापूर्ण जीवन,भरण-पोषण के अधिकार तथा न्याय तक पहुंच संबंधी महत्वपूर्ण जानकारी प्रदान की गई।साथ ही नालसा की मानसिक रोग एवं बौद्धिक अक्षमता वाले व्यक्तियों को कानूनी सेवाएं योजना-2024, स्थायी लोक अदालत के लाभ,पीएलवी (पैरा लीगल वालंटियर) की भूमिका तथा नालसा हेल्पलाइन नंबर 15100 एवं चाइल्ड हेल्पलाइन नंबर 1098 के बारे में भी विस्तार से जानकारी दी गई।
शिविर में माननीय सर्वोच्च न्यायालय, नई दिल्ली में आगामी 21, 22 एवं 23 अगस्त 2026 को आयोजित होने वाले समाधान समारोह (विशेष लोक अदालत) की जानकारी देते हुए प्रतिभागियों को जागरूक किया गया तथा संबंधित पंपलेट वितरित किए गए।कार्यक्रम में अधिकार मित्र यमुना प्रसाद एवं विजय टम्टा सहित विद्यालय के शिक्षक एवं छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।
