अल्मोड़ा-दिनांक 3 मई को जनपद में आए तेज तूफान, आंधी एवं भारी बारिश के चलते विभिन्न स्थानों पर पेड़ टूटकर मार्गों व मकानों पर गिरने की घटनाएं सामने आईं।सूचना प्राप्त होते ही जनपद पुलिस एवं फायर सर्विस टीमों द्वारा तत्काल राहत एवं बचाव कार्य करते हुए प्रभावित स्थानों पर रेस्क्यू अभियान चलाया गया।फायर स्टेशन अल्मोड़ा को सूचना प्राप्त हुई कि पपरशैली के पास एक विशालकाय पेड़ मुख्य मार्ग पर गिर गया है, जिससे यातायात पूर्णतः बाधित हो गया तथा लंबा जाम लग गया। फायर सर्विस यूनिट ने तत्काल मौके पर पहुंचकर वुडन कटर की सहायता से पेड़ को काटकर मार्ग से हटाया और यातायात सुचारु कराया।इसके उपरांत कसार देवी क्षेत्र में भी मुख्य मार्ग पर गिरे विशालकाय पेड़ को फायर यूनिट द्वारा हटाकर यातायात सामान्य किया गया।आरतोला-जागेश्वर,दन्या एवं आरासल्पड़ क्षेत्र में पेड़ गिरने से यातायात बाधित हो गया था। थाना दन्या पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर मशीन एवं वुडन कटर की सहायता से पेड़ों को हटाया तथा मार्ग को सुचारु कराया गया।थाना लमगड़ा को सूचना प्राप्त हुई कि ग्राम धूरा संगरौली (निकट छड़ोजा ग्राउंड) निवासी पूरन चंद पांडे के मकान पर एक विशालकाय पेड़ गिर गया है।सूचना पर थानाध्यक्ष प्रमोद पाठक मय पुलिस टीम तत्काल मौके पर पहुंचे और पेड़ की कटाई-छंटाई कर मकान को खतरे की जद से बाहर किया।घटना में मामूली नुकसान हुआ जबकि किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई।अल्मोड़ा पुलिस एवं फायर सर्विस द्वारा लगातार सतर्कता बरतते हुए राहत एवं बचाव कार्य जारी है।
