अल्मोड़ा-कमर्शियल गैस सिलेंडरों की कीमतों में एकमुश्त 993 की भारी बढ़ोतरी के विरोध में अल्मोड़ा के व्यापारियों में गहरा आक्रोश देखने को मिल रहा है।इस बढ़ोतरी के बाद सिलेंडर की कीमत 3000 के पार पहुंच गई है,जिससे होटल,रेस्टोरेंट संचालकों और छोटे व्यापारियों के सामने आर्थिक संकट खड़ा हो गया है।अल्मोड़ा व्यापार मंडल के जिलाध्यक्ष सुशील साह और जिला महामंत्री भैरव गोस्वामी ने संयुक्त बयान जारी करते हुए इस निर्णय को व्यापारियों के हितों के खिलाफ बताया।उन्होंने कहा कि सरकार की नीतियों के चलते पहले ही छोटे व्यापारियो पर आर्थिक दबाव झेल रहे हैं और अब गैस कीमतों में यह भारी वृद्धि उनकी स्थिति को और अधिक कमजोर कर रही है।उन्होंने स्मार्ट मीटर का उदाहरण देते हुए कहा कि बढ़ते बिजली बिलों से प्रदेश की जनता पहले ही परेशान है ऐसे में यह नया बोझ और मुश्किलें बढ़ाने वाला है।पदाधिकारियों ने पहाड़ी क्षेत्रों की विशेष परिस्थितियों का उल्लेख करते हुए कहा कि अल्मोड़ा जैसे इलाकों में परिवहन लागत अधिक होने और संसाधनों की कमी के कारण व्यापार करना पहले ही चुनौतीपूर्ण है।ऐसे में गैस की कीमतों में इतनी बड़ी वृद्धि स्थानीय व्यापारियों पर अतिरिक्त दबाव डाल रही है।व्यापार मंडल ने चेतावनी दी कि यदि लागत में लगातार बढ़ोतरी होती रही तो व्यापारियों को अपने उत्पादों और सेवाओं के दाम बढ़ाने पड़ेंगे,जिसका सीधा असर आम उपभोक्ताओं पर पड़ेगा।उन्होंने सरकार से मांग की कि इस मूल्य वृद्धि को तत्काल वापस लिया जाए तथा कमर्शियल गैस सिलेंडरों पर सब्सिडी प्रदान की जाए ताकि छोटे और मध्यम वर्ग के व्यापारियों को राहत मिल सके। साथ ही चेतावनी दी कि यदि उनकी मांगों पर जल्द कार्रवाई नहीं की गई तो व्यापार मंडल अपनी सभी इकाइयों के साथ धरना-प्रदर्शन और आंदोलन करने को बाध्य होगा।
